नई दिल्ली : दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा इस महीने की शुरुआत में दिल्ली में महिलाओं के लिए मेट्रो और बस में मुफ्त यात्रा करने के प्रस्ताव पर करायी गई रायशुमारी की रिपोर्ट आ गई है। इस रिपोर्ट में करीब 90 प्रतिशत लोगों ने महिलाओं की बस एवं मेट्रो में मुफ्त यात्रा संबंधी योजना का समर्थन किया है।
इस बारे में पार्टी मुख्यालय में रिपोर्ट सार्वजनिक करते हुए आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि 10 दिनों में झुग्गी-बस्तियों, अनधिकृत कॉलोनियों, हाउसिंग सोसाइटियों, फ्लैटों सहित समाज के अन्य तबकों के लोगों के साथ लगभग 1120 जनसभाएं आयोजित की गईं।
इन जनसभाओं के माध्यम से 71,552 लोगों का सर्वे किया गया जिनमें से 64,972 लोगों ने कहा कि वे सरकार की इस योजना का समर्थन करते हैं। इस प्रकार देखा जाये तो सर्वे के दौरान कुल 90.8 प्रतिशत लोगों ने इस योजना के पक्ष में है। इन लोगों ने दिल्ली सरकार द्वारा प्रस्तावित सार्वजनिक परिवहन योजना में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा पर अपनी सहमति व्यक्त की।
राय ने कहा कि इस योजना का भाजपा और कांग्रेस द्वारा विरोध किए जाने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के विधायकों, पार्षदों और महिला विंग की सदस्यों को इस योजना पर लोगों से प्रतिक्रिया लेने के लिए शहर भर में बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिये थे।
जनमत संग्रह की घोषणा उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सात जून को की थी। पिछले दस दिनों में पार्टी ने बड़े पैमाने पर आठ जून से 17 जून के बीच जनता से उसकी राय लेने की कवायद शुरू की थी। इस पर लोगों ने खुलकर अपनी राय दी।


Download Android App
Download iOS App



