दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने खूंखार गैंगस्टर रोहित चौधरी का करीबी सहयोगी और वांछित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को कहा कि कुख्यात अपराधी रोहित चौधरी गिरोह के बदमाश प्रभात उर्फ प्रभाती को दिल्ली पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। इस पर दिल्ली पुलिस की तरफ से 25 हजार का इनाम था। आरोपी पर मकोका, आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज है।
प्रभात मूलरूप से गांच खानपुर मीणा, जिला धौलपुर, राजस्थान का रहने वाला है। वर्ष 2009 में वह नौकरी की तलाश में दिल्ली आया था। यहां उसने छतरपुर में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करना शुरू किया और महीने बाद नौकरी छोड़ दी। उसके बाद छतरपुर में एक पीजी में काम करने लगा। पीजी में काम करने के दौरान 2011 में उसकी मूलाकात रोहित चौधरी से हुई। रोहित चौधरी के निर्देश पर उसने अवैध धन एकत्र करने का काम शुरू कर दिया।
उन्होंने बताया कि उसने धौलपुर में पत्थर खनन में रोहित चौधरी के साथ मिलकर पैसा लगाया। रोहित के निर्देश पर उसने एक फॉर्च्यूनर कार को बुलेट प्रूफ में तब्दील करवा लिया। इस बुलेट प्रूफ कार का इस्तेमाल रोहित अपराध और अवैध कामों के लिए करता था। बुलेट प्रूफ फॉर्च्यूनर कार और एक एंडेवर कार को क्राइम ब्रांच पहले ही जब्त कर चुकी है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि प्रभात, रोहित के निर्देश पर अपने गांव खानपुर मीणा में स्थानीय निकाय का चुनाव लड़ था। चुनाव में उसने 25 लाख रुपये खर्च किए थे, जो उसे रोहित ने दिया था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह, एसीपी पंकज सिंह एवं इंस्पेक्टर विकास राणा के नेतृत्व में बनाई गई टीम ने राजस्थान से प्रभात को गिरफ्तार किया है।


Download Android App
Download iOS App



