जंतर-मंतर पर नफरत भरे भाषण मामले में फरार चल रहे हिंदू रक्षा दल के चीफ भूपेंद्र तोमर उर्फ पिंकी चौधरी ने आज सरेंडर कर दिया। चौधरी ने अपने समर्थकों के साथ दिल्ली के मंदिर मार्ग थाने में समर्पण किया। इस दौरान उनके समर्थकों ने फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत और जमकर नारेबाजी की।
पिंकी चौधरी ने एक ऑनलाइन वीडियो जारी कर दावा किया था कि वह मंगलवार को दिल्ली पुलिस के समक्ष सरेंडर करेंगे। उन्होंने न्यायालय में विश्वास होने की बात कहते हुए कहा था कि उसने कुछ भी गलत नहीं बोला था। हालांकि वह कई बार इस बात को कह चुके हैं कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं बोला था।
जंतर-मंतर पर एक प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम विरोधी नारेबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने इस सिलसिले में मामला दर्ज किया था। दिल्ली पुलिस इस मामले में पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
वीडियो में उन्होंने दावा किया, ‘‘मैं अब भी अपनी बात पर कायम हूं। मैं और मेरे संगठन के किसी भी कार्यकर्ता ने जंतर-मंतर पर कुछ भी गलत नहीं किया। मैं अदालत का सम्मान करता हूं। मैं कल 31 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे कनॉट प्लेस थाने में आत्मसमर्पण करूंगा और पुलिस के साथ सहयोग करूंगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘गिरफ्तारी के डर से मैं कभी नहीं भागा। अदालत जाना हर व्यक्ति का अधिकार है और मैंने भी वही किया। मेरे खिलाफ सभी आरोप गलत और बेबुनियाद हैं। मैंने अपनी जिंदगी हिंदुत्व के लिए समर्पित की है। जब तक मेरी सांस है, मैं धर्म के लिए काम करता रहूंगा।’’
दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को भूपेंद्र तोमर उर्फ पिंकी चौधरी को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत देने से इंकार कर दिया था। इससे पहले इस महीने की शुरुआत में एक सत्र अदालत ने चौधरी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।


Download Android App
Download iOS App



