हैदराबाद मेट्रो रेल की सेवाएं सोमवार से अमीरपेट से एलबी नगर के बीच 16 किलोमीटर लंबे मार्ग पर शुरू होने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और इसके साथ ही पहले चरण का पूरा कॉरिडोर काम करने लगेगा। मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त ने परीक्षण के बाद इस मार्ग पर यात्री ट्रेन परिचालन के लिए सुरक्षा प्रमाणपत्र जारी कर दिया है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के राज्यपाल ई एस एल नरसिम्हन सोमवार को दोपहर 12 बजे अमीरपेट स्टेशन से मेट्रो ट्रेन को हरी झंड़ी दिखा कर रवाना करेंगे।
हैदराबाद मेट्रो रेल लिमिटेड (एचएमआरएल) के प्रबंध निदेशक एन वी एस रेड्डी ने बताया, ‘‘16 किलोमीटर लंबे मार्ग में 16 स्टेशन हैं। इसके साथ ही मियापुर से एलबी नगर के बीच 29 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर-1 काम करने लगेगा। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 72 किलोमीटर लंबी एलीवेटेड हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना के 30 किलोमीटर लंबे मियापुर-नागोल खंड का नवंबर 2017 में उद्घाटन किया था।
यह विश्व में इस क्षेत्र में सार्वजनिक-निजी भागीदारी वाली सबसे बड़ी परियोजना है। पहले से चालू तीस किलोमीटर लंबे खंड में 24 स्टेशन हैं। रेड्डी ने कहा, ‘‘अमीरपेट से एल बी नगर मार्ग पर परिचालन शुरू होने से मेट्रो का मार्ग 46 किलोमीटर लंबा हो जाएगा। दिल्ली के बाद देश में यह दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो मार्ग है।


Download Android App
Download iOS App



