नई टिहरी : उत्तराखण्ड हाईकोर्ट नैनीताल के निर्देशों के तहत जनपद टिहरी के अर्न्तगत चलाये जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी सोनिका ने संबन्धित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिये हैं। जिला मुख्यालय नई टिहरी स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में राजस्व, पुलिस, नगरपालिका, पुनर्वास, लोनिवि व जल संस्थान आदि संबन्धित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेते हुए जिलाधिकारी ने आगामी 25 सितम्बर से जिला मुख्यालय नई टिहरी शहर में चलने वाले अतिक्रमण अभियान की चर्चा के दौरान उपजिलाधिकारी टिहरी एवं अन्य सम्बंधित विभागों को निर्देश दिये कि वे संयुक्त रूप से क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विभागों की भूमि पर अवैध अतिक्रमण किये हुए लोगों को नोटिस जारी कर दें।
उन्होंने कहा कि कोई भी अवैध अतिक्रमणकारी नोटिस जारी होने से नहीं छूटना चाहिए। जिलाधिकारी ने सीएमओ को अतिक्रमण हटाने वाली टीम के साथ तीन एम्बुलेंस एवं चिकित्सकों की व्यवस्था रखने के निर्देश दिये, वहीं उपजिलाघिकारी टिहरी को निर्देश दिये कि क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों के संज्ञान में भी लाया जाये कि हाईकोर्ट के आदेशानुसार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है, उन्होने कहा कि नई टिहरी शहर से हटाये जाने वाले कुल अतिक्रमणों के आंकड़े भी प्रस्तुत किये जायें।
अतिक्रमण चिन्हित करने की सही प्रक्रिया अपनाए
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी नरेन्द्रनगर को दूरभाष पर तत्काल ही मुनीकीरेती क्षेत्रान्तर्गत अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये, वहीं कैम्पटी क्षेत्र में भी अतिक्रमण चिहिन्त करने के निर्देश उपजिलाधिकारी धनोल्टी को दिये हैं। बैठक में एसएसपी योगेन्द्र सिंह रावत, एसडीएम टिहरी चतरसिंह चौहान, सीएमओ भागीरथी जंगपांगी सहित सम्बन्धित विभागो के अधिकारी उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



