ASHA Conference-2026 : दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को त्यागराज स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण जनकल्याकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राज्य स्तरीय ‘आशा सम्मेलन-2026 और आशा सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। आशा कार्यकर्ताओं का प्रोत्साहन राशि दोगनी कर दी गई है। वहीं नवजात शिशुओं की सुरक्षा के लिए ‘मिशन अनमोल’ का विस्तार किया गया है अब 63 जन्मजात बीमारियों की फ्री में स्क्रीनिंग होगी। समारोह के दौरान जी. बी. पंत अस्पताल में सोटो भवन का वर्चुअल उद्घाटन, अनमोल पहल का विस्तार, नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल का शुभारंभ और आशा कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन भत्ते में ऐतिहासिक वृद्धि की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर परिवार के स्वास्थ्य की चिंता करने वाली आशा बहनें घर-घर तक स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं को पहुंचाती हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार का संकल्प है कि जो बहनें हर परिवार की सेवा कर रही हैं, उनके सम्मान, सुविधा और कल्याण का भी पूरा ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे।
दिल्ली को अधिक स्वस्थ, सक्षम और नागरिक-केंद्रित बनाएंगी ये योजनाएं
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने इस मौके पर कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और सशक्त दिल्ली की आधारशिला हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुरू की गई स्वास्थ्य योजनाओं का उद्देश्य आधुनिक तकनीक, प्रभावी सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणालियों और मानवीय दृष्टिकोण के समन्वय से दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य व्यवस्था की अग्रिम पंक्ति में रहकर गर्भवती महिलाओं, बच्चों और परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं एवं जागरुकता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके मासिक मानदेय को 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये किया जाना उनके योगदान और समर्पण के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने नवजात शिशुओं में शुरुआती स्तर पर स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान और समय पर उपचार के लिए अनमोल पहल और जी.बी. पंत अस्पताल में सोटो के नवनिर्मित केंद्र की सराहना की, जो अंगदान और प्रत्यारोपण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उपराज्यपाल ने कहा कि नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण और नवीनीकरण जैसी प्रक्रियाओं को ऑनलाइन एवं पारदर्शी बनाया गया है, जिससे प्रक्रियाएं सरल होंगी, अनावश्यक प्रशासनिक बाधाएं कम होंगी और निगरानी बेहतर होगी।
अंगदान से नई उम्मीद, डिजिटल सेवाओं से आसान स्वास्थ्य व्यवस्थाः मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अंगदान केवल चिकित्सा प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता, संवेदना और जीवन के प्रति सम्मान का प्रतीक है। किसी व्यक्ति के निधन के बाद उसके अंग जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकते हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों से अंगदान और देहदान के प्रति जागरुकता बढ़ाने का आह्वान करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं सोटो पोर्टल के माध्यम से देहदान का पंजीकरण कराया है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों तक अंगदान का संदेश पहुंचाने तथा इच्छुक लोगों को इसकी प्रक्रिया की जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का संकल्प किसी दूसरे के जीवन में नई उम्मीद और नई शुरुआत बन सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं की सफलता में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिल्ली की आशा बहनें बड़ी बहन की तरह हर परिवार तक पहुंचकर स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देंगी और लोगों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार, स्वास्थ्यकर्मियों और नागरिकों के मिलकर काम करने से दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने आशा बहनों के सेवा भाव और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि जो बहनें दिल्ली के परिवारों के स्वास्थ्य की चिंता करती हैं, उनके सम्मान और कल्याण की चिंता करना सरकार का दायित्व है।
आशा बहनों के योगदान को सम्मान, प्रोत्साहन राशि हुई दोगुनी
दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को हर घर के दरवाजे तक पहुंचाने वाली 6,690 आशा कार्यकर्ताओं के समर्पण और अटूट सेवा भावना का सम्मान करते हुए दिल्ली सरकार ने उनका मासिक प्रोत्साहन भत्ता 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये किया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया और आगामी नवरात्रि उत्सव के दौरान उनके लिए एक विशेष डांडिया कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा भी की।
हर दिल्लीवासी को सुलभ, आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था देना लक्ष्य : डॉ. पंकज सिंह
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 6,690 आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये करना, मिशन अनमोल का विस्तार, नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल का शुभारंभ और जी.बी. पंत अस्पताल में सोटो का उद्घाटन जन-केंद्रित एवं तकनीक-सक्षम स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि का विषय करीब एक दशक से लंबित था। कोरोना के कठिन दौर में भी इन कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा से सेवा की, लेकिन उनके सम्मान और प्रोत्साहन के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। वर्तमान सरकार ने इस लंबित विषय को पूरा कर उनके योगदान का सम्मान किया है।


Download Android App
Download iOS App




