Independence Day Delhi High Alert: स्वतंत्रता दिवस समारोह यानी 15 अगस्त को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं ज्यादा कड़ी कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर मल्टी-लेवल सुरक्षा योजना तैयार की है, ताकि 15 अगस्त का कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से कराया जा सके। बता दें कि सुरक्षा एजेंसियों को संभावित आतंकी खतरे, खालिस्तानी गतिविधियों और अचानक होने वाले विरोध प्रदर्शनों (स्प्रे प्रोटेस्ट) को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस बार लाल किले पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में करीब 24 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, समारोह की सुरक्षा के लिए लगभग 12 हजार दिल्ली पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा कई केंद्रीय सुरक्षा बल और खुफिया एजेंसियां भी पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखेंगी। सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ हर गतिविधि की निगरानी करेंगी, ताकि किसी भी तरह की घटना को समय रहते रोका जा सके।
1000 से ज्यादा AI CCTV कैमरों से होगी निगरानी
लाल किला और उसके आसपास के इलाकों में 1,000 से अधिक मॉडर्न CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों में AI बेस्ट टेक्नॉलजी का इस्तेमाल किया जाएगा। इन कैमरों की मदद से सुरक्षा एजेंसियां रियल टाइम में भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखेंगी। साथ ही लोगों की आवाजाही, संदिग्ध गतिविधियों और किसी भी असामान्य स्थिति का तुरंत पता लगाया जा सकेगा। इससे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा के कई स्पेशल इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर क्विक रिएक्शन टीम (QRT), विशेष SWAT कमांडो, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा ऊंची इमारतों की छतों पर स्नाइपर्स और सुरक्षा बलों की तैनाती रहेगी। समारोह में प्रवेश करने वाले सभी लोगों की कड़ी जांच होगी और पूरे क्षेत्र में एंटी-सबोटाज जांच भी की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां हर आने-जाने वाले गाड़ियों पर भी नजर रखेंगी और लगातार गश्त जारी रहेगी।
संवेदनशील इलाकों में भी बढ़ाई गई सुरक्षा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौजूदा सुरक्षा हालात और खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर यह सुरक्षा योजना तैयार की गई है। संभावित आतंकी खतरे, खालिस्तानी तत्वों की गतिविधियां और अचानक होने वाले विरोध प्रदर्शनों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। सिर्फ लाल किले तक ही सुरक्षा सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दिल्ली के कई इलाकों, सरकारी भवनों, महत्वपूर्ण संस्थानों और रणनीतिक स्थानों पर भी एक्स्ट्रा पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए राजधानी के प्रमुख रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
यहां आने-जाने वाले यात्रियों और गाड़ियों की गहनता से तलाशी ली जाएगी। पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था का मकसद केवल कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करना नहीं है, बल्कि पूरे दिल्ली शहर में किसी भी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी खतरे को रोकना भी है।
यह भी पढ़ें: 2002 की SIR लिस्ट में नाम न होने पर कट सकता है वोट? जानें चुनाव आयोग ने क्या कहा



Download Android App
Download iOS App




