नयी दिल्ली : ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता पीवी सिंधू को चोट लगी है लेकिन अगले महीने होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में उनके प्रतिनिधित्व पर अभी कोई खतरा नहीं है। भारत के मुख्य कोच पुलेला गोपीचंद और सहायक कोच मोहम्मद सियादुतल्लाह के मार्गदर्शन में हैदराबाद की गोपीचंद अकादमी में अभ्यास कर रही22 साल की सिंधू के दायें टखने में खिंचाव आया है।
सिंधू के पिता पीवी रमन्ना ने पीटीआई को बताया, ‘‘ आज अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान उसके टखने में चोट लगी। हमने एमआरआई किया है जिससे कि शत प्रतिशत सुनिश्चित हो सकें कि सब कुछ ठीक है। हड्डी या लिगामेंट में किसी तरह की चोट का पता नहीं लगा है, इसलिए मैं खुश हूं। हम कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते।’’
उन्होंने बताया, ‘‘ अब वह एक दिन आराम करेगी और परसों दोबारा दौड़ना शुरू करेगी। वह कल मैदान पर जाएगी। राष्ट्रमंडल खेलों की शुरूआत टीम स्पर्धा के साथ होगी इसलिए पर्याप्त समय है। इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है।’’ दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी सिंधू को राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। उन्होंने2014 में ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता था।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करे


Download Android App
Download iOS App



