इंस्टाग्राम विज्ञापन बना ठगी का हथियार, चार लेयर में रचा 55 लाख की क्रिप्टो ठगी का खेल, पांच गिरफ्तार

Summary :

South East District Crime News : साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल स्टाफ टीम ने क्रिप्टोकरेंसी में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 55 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक बहुस्तरीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह सोशल मीडिया पर विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद फर्जी पहचान, टेलीग्राम से हासिल सिम कार्ड और विदेशी व्हाट्सएप अकाउंट के जरिए पीड़ित से संपर्क किया जाता था। भरोसा जीतने के लिए आरोपी पहले छोटी रकम का क्रिप्टो ट्रांजेक्शन करते और फिर पीड़ित को नकदी लेकर मिलने के लिए बुलाते थे। इस दौरान उसके ट्रस्ट वॉलेट का एक्सेस…

South East District Crime News : साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल स्टाफ टीम ने क्रिप्टोकरेंसी में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 55 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक बहुस्तरीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह सोशल मीडिया पर विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद फर्जी पहचान, टेलीग्राम से हासिल सिम कार्ड और विदेशी व्हाट्सएप अकाउंट के जरिए पीड़ित से संपर्क किया जाता था। भरोसा जीतने के लिए आरोपी पहले छोटी रकम का क्रिप्टो ट्रांजेक्शन करते और फिर पीड़ित को नकदी लेकर मिलने के लिए बुलाते थे। इस दौरान उसके ट्रस्ट वॉलेट का एक्सेस हासिल कर बाद में क्रिप्टोकरेंसी निकाल लेते थे। इंस्टाग्राम विज्ञापन से चार लेयर में ठगी का खेेल चल रहा था।

पुलिस ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में कार्रवाई कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गौरव राणा, रितिक चावला, सौरभ उर्फ छोटू, अमन और ओमप्रकाश के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से 16 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, तीन नए सिम कार्ड लिफाफे, एक खाली सिम लिफाफा, वारदात में इस्तेमाल वाहन और तीन लाख रुपये बरामद किए गए हैं। डीसीपी विनीत कुमार के मार्गदर्शन में एडिशनल डीसीपी मनोज मीणा और एसीपी वी.के.पी.एस. यादव की देखरेख में इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह डागर के नेतृत्व की टीम ने आरोपियों को पकड़ा है।

कृष्णा अग्रवाल नाम से चल रहा ठगी का खेल

पुलिस के अनुसार, पीड़ित राहुल इंस्टाग्राम पर कृष्णा अग्रवाल नाम से चल रहे विज्ञापन के संपर्क में आया था। आरोपी ने उसे यूएसडीटी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। शुरुआत में आरोपियों ने पीड़ित के ट्रस्ट वॉलेट में 10 यूएसडीटी ट्रांसफर कर विश्वास हासिल किया। इसके बाद 3 अक्टूबर को 36 लाख रुपये नकद लेकर करीब 36 हजार यूएसडीटी दिए। इस सौदे में आरोपियों ने करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान भी उठाया, ताकि पीड़ित को उन पर पूरा भरोसा हो जाए।

इसके बाद पीड़ित ने 55 हजार यूएसडीटी खरीदने के लिए आरोपियों से संपर्क किया। 4 अक्टूबर को अमर कॉलोनी में मुलाकात तय हुई। पीड़ित 55 लाख रुपये नकद लेकर पहुंचा। आरोपियों ने उसके वॉलेट में 55 हजार यूएसडीटी ट्रांसफर किए और नकदी ले ली। लेकिन कुछ ही मिनटों बाद पहले से हासिल वॉलेट एक्सेस का दुरुपयोग कर पूरी क्रिप्टोकरेंसी निकाल ली। आरोपी नकदी लेकर स्कूटी से फरार हो गए और बाद में रकम बुराड़ी में मुख्य आरोपी को सौंप दी।

चार लेयर में चल रहा था ठगी का नेटवर्क

जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया विज्ञापन से शिकार तलाशता था। दूसरी लेयर में टेलीग्राम ग्रुप के जरिए हासिल सिम और विदेशी व्हाट्सएप अकाउंट इस्तेमाल किए जाते थे। तीसरी लेयर में आरोपी पीड़ित से व्यक्तिगत मुलाकात कर उसके मोबाइल और ट्रस्ट वॉलेट तक पहुंच हासिल करते थे। चौथी लेयर में नकदी लेकर यूएसडीटी ट्रांसफर करने का दिखावा किया जाता और बाद में वॉलेट से क्रिप्टो निकाल ली जाती थी।

 

Sumant Chaudhary