नई दिल्ली : दिल्ली में पानी की गुणवत्ता को लेकर मचे घमासान के बीच दिल्ली जल बोर्ड ने राजधानी के विभिन्न इलाकों से पानी के सैंपल लेने शुरू कर दिए हैं। इस कड़ी में शनिवार को जलबोर्ड के उपाध्यक्ष दिनेश मोहनिया की अगुवाई में जलबोर्ड की टीम ने इसकी शुरुआत की। मोहनिया ने स्वयं इलाके के लोगों को साथ लेकर अंबेडकर नगर, पुष्प विहार और मदनगीर से पानी के 200 से ज्यादा सैंपल लिए गए।
उन्होंने सैंपल कलेक्शन के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) का अनुसरण करते हुए सैंपल कलेक्ट किये और उन्हें लैब में जांच के लिए भेज दिया जिसकी रिपोर्ट अगले 48 घंटों में आएगी। इस बारे में दिनेश मोहनिया ने कहा कि दिल्ली सरकार लोगों को साफ-स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करा रही है। जलबोर्ड में 31 पैरामीटर्स पर सैंपल की जांच होती है ताकि लोगों को विश्वस्तरीय गुणवत्ता वाला पानी मिले।
अपनी इसी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए हमने दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से पानी के सैंपल लेने की शुरुआत कर दी है। इस मुहिम में आम लोगों को भी शमिल किया गया है ताकि वे सैंपल कलेक्शन की प्रक्रिया को स्वयं देखें। मोहनिया ने कहा कि शनिवार को अंबेडकर नगर, पुष्प विहार और मदनगीर से पानी के सैंपल लिए गए। जिन लोगों के मकान से पानी के सैंपल लिये गये हैं बाकायदा सैंपलिंग शीट पर उनके हस्ताक्षर कराये गए हैं।
इस दौरान 20 से ज्यादा स्थानीय लोग एवं पत्रकार भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इस मुहिम के तहत प्रत्येक वार्ड से पांच सैंपल कलेक्टक िकए जाएंगे। इस प्रकार पूरी दिल्ली से 3 हजार सैंपल लिए जाएंगे और जलबोर्ड के एसओपी का अनुसरण करते हुए लैब से इनकी जांच करायी जायेगी। इनकी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।
इतना ही नहीं ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस मुहिम के प्रति जागरुक कराने के लिए जल बोर्ड जल्द सैंपल कलेक्शन के लिए पब्लिक नोटिस जारी करेगा। इससे पहले शुक्रवार को ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (बीआईएस) पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए जल बोर्ड उपाध्यक्ष ने स्थानीय लोगों एवं मीडिया को साथ लेकर दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से पानी के सैंपल लेने की घोषणा की थी।


Download Android App
Download iOS App



