नई दिल्ली : प्रदेश भाजपा कार्यालय में दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को की गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी की कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा करने के बाद आह्वान किया गया कि लोकसभा चुनाव में मिले 50 फीसद से अधिक मतों को बरकरार रखना है यानी लोकसभा में जो मतदाता भाजपा के पक्ष में थे, वे दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी भाजपा के मतदाता बने रहें, इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। इस बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सांसद मीनाक्षी लेखी और नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता मौजूद रहे।
सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष रविवार से शुक्रवार तक प्रदेश भाजपा कार्यालय में तीन बैठक कर चुके हैं। गत 17 नवंबर को हुई पहली बैठक में उन्होंने सांसद, महामंत्री सहित 19 विभागों की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसमें महिला, युवा, बुद्धिजीवी, व्यापारी, एससी, ओबीसी, कला, संस्कृति, धार्मिक, कच्ची कॉलोनी में जनता से संपर्क साधने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
इसके अलावा दिल्ली में बाहरी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दक्षिणी भारत के लोगों से भी संपर्क साधने के लिए दायित्व सौंपा गया। वहीं मीडिया, सोशल मीडिया और चुनाव आयोग की भी जिम्मेदारी दी गई थी। बीएल संतोष का मत है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक संगठन और पार्टी को संपर्क साधना है।
इसके लिए कहा गया है कि हर सूरत में भाजपा दिल्ली में 30 फीसद से अधिक काडर वोट तो लेकर आती ही है, लेकिन लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान 50 फीसद से ज्यादा रहा है। ऐसे में उस ग्राफ को कम नहीं होने देना है। यही लक्ष्य सभी के समक्ष रखा गया है। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि जो विभाग सौंपे गए हैं उनका जिम्मेदारी से निर्वाह किया जाए।
स्पष्ट कर दिया गया कि अगली बैठक में होमवर्क पूरा करके ही आएं जिससे कि किए गए कार्य की समीक्षा हो सके। उन्होंने समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूरा करने पर जोर दिया।


Download Android App
Download iOS App



