खेल विवि खोलने की केजरी की घोषणा झूठी : लवली

Summary :

आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा दिल्ली में खेल विश्वविद्यालय खोले जाने की घोषणा को कांग्रेस ने झूठा करार दिया है।

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा दिल्ली में खेल विश्वविद्यालय खोले जाने की घोषणा को कांग्रेस ने झूठा करार दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि इस विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा उतना ही बड़ा झूठ है, जितना मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण के बारे में बोला था। 
शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंदर सिंह लवली ने प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ केजरीवाल हमेशा कहते हैं कि केंद्र सरकार नए स्कूलों की स्थापना के लिए जमीन नहीं दे रही है, लेकिन खेल विश्वविद्यालय के मामले में कांग्रेस सरकार ने 2003 में 11.70 करोड़ रुपये का भुगतान कर घेवरा में 90 एकड़ जमीन खरीदी थी। 
यहां पर खेल स्कूल स्थापित करने के लिए कैबिनेट नोट भी पहले ही पारित हो गया था, लेकिन केजरीवाल ने एक और कैबिनेट नोट पारित किया है, जिससे पता चलता है कि आप सरकार को इस संबंध में पिछली कार्यवाही के बारे में पता तक नहीं है।  लवली ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस सरकार ने ग्राम सभा की जमीनों पर कई सामुदायिक केंद्र व बारात घर और स्कूल खोले थे, जो दिल्ली सरकार के अधिकार क्षेत्र में आते हैं, फिर केजरीवाल ने दिल्ली में एक नया स्कूल तक भी क्यों नहीं बनाया? 
लवली ने कहा कि खेल विश्वविद्यालय के लिए जब सब कुछ पहले से ही पूरा हो चुका था तो केजरीवाल को इसकी घोषणा करने में पांच साल क्यों लग गए? उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने नेशनल लॉ स्कूल, अंबेडकर विश्वविद्यालय, इंद्रप्रस्थ और दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय जैसे अनेक विश्वविद्याल शुरू किए। 
खेल स्कूल खोलने की योजना भी इसी तर्ज पर बनाई गई थी क्योंकि दिल्ली के छात्रों को विभिन्न स्ट्रीमों में प्रवेश के लिए बेंगलुरु और हैदराबाद जैसी जगहों पर जाना पड़ता था। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हारुन यूसुफ व राजेश लिलोठिया, पूर्व मंत्री डॉ. नरेंद्र नाथ, वरिष्ठ नेता चतर सिंह आदि मौजूद रहे।

Desk Team