नयी दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अनधिकृत कालोनियों को ‘‘भूलने’’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भगवा पार्टी लोगों को वैसे ही ‘‘मूर्ख’’बना रही है जैसा कि कांग्रेस सत्ता में रहते हुए करती थी।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि भाजपा नेता इन दिनों शाहीन बाग की बात कर रहे हैं जहां लगभग एक महीने से संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं, लेकिन वे दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों के बारे में बात नहीं कर रहे है। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी राजनीतिक रैलियों में अनधिकृत कॉलोनियों के मुद्दे का कोई जिक्र नहीं किया।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले चार महीनों में, उन्होंने केवल 20 लोगों को रजिस्ट्री दी…इससे आप अंदाजा लगा सकते है कि अनधिकृत कॉलोनियों के 40 लाख निवासियों को रजिस्ट्री देने में वे कितना समय लेंगे।’’ आप नेता ने कहा, ‘‘भाजपा (अनधिकृत कॉलोनियों पर) लोगों को मूर्ख बना रही है जैसा कि कांग्रेस किया करती थी।’’ राष्ट्रीय राजधानी के चुनावों में अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


Download Android App
Download iOS App



