केजरीवाल जनता को भ्रमित कर रहे हैं : तिवारी

Summary :

तिवारी ने कहा मुफ्त योजनाओं की घोषणा करना और उसे अमलीजामा पहनाकर जनता को समर्पित करने में जो आवश्यक कार्रवाई होती है उसे लेकर केजरीवाल गम्भीर नहीं हैं।

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल द्वारा महिलाओं के लिए डीटीसी बसों में आगामी 29 अक्टूबर से मुफ्त यात्रा शुरू करने की घोषणा को दिल्ली की जनता के साथ धोखा करार देते हुए कहा कि केजरीवाल दिल्ली की जनता से हर दिन नया झूठ बोलकर उन्हें छलने का प्रयास कर रहे हैं। दिल्ली सरकार मुफ्त सेवाओं का सब्जबाग दिल्ली के हर नागरिक को किसी न किसी रूप में दिखाकर मतदाताओं को भ्रमित करने की नाकाम कोशिश कर रही है। एक के बाद एक लगातार मुफ्त सेवाओं की झड़ी दिल्ली सरकार लगाने का ढोंग कर रही है। 
पहले महिलाओं के लिए डीटीसी व मेट्रो में मुफ्त यात्रा की घोषणा की गई, फिर दिल्ली के बुजुर्ग जिन्हें दिल्ली सरकार ने 54 महीने बीत जाने के बाद अचानक तीर्थ यात्रा करवानी शुरू कर दी। इतना ही नहीं 200 यूनिट बिजली तक मुफ्त करने की घोषणा की गई। इसी प्रकार सीसीटीवी, वाई-फाई और फिर चुनाव को नजदीक आता देख कर केन्द्र सरकार के साथ तालमेल बनाने का नाटक जनता के सामने केजरीवाल द्वारा किया जाने लगा। 
तिवारी ने कहा कि मुफ्त योजनाओं की घोषणा करना और उसे अमलीजामा पहनाकर जनता को समर्पित करने में जो आवश्यक कार्रवाई होती है उसे लेकर केजरीवाल गम्भीर नहीं हैं। दिल्ली में डीटीसी बसों की संख्या लगभग तीन हजार रह गई है और दिल्ली की यातायात व्यवस्था को सुचारू ढंग से चलाने के लिए 20 हजार नई बसों की जरूरत है। डीटीसी की जो बसें इस समय सड़कों पर दौड़ रही हैं उनकी खस्ता हालत है, वे एक जगह से दूसरी जगह जाने में हर दूसरे दिन खराब हो जाती हैं।

Desk Team