आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दलित छात्रों की मदद के लिए डॉ आंबेडकर सम्मान छात्रवृत्ति योजना की घोषणा की। इसको लेकर भाजपा हमलावर हो गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि दस साल से मुख्यमंत्री ने यह योजना क्यों नहीं लागू की। जब चुनाव आया तो यह योजना लेकर आ रहे हैं। यह सिर्फ एक जुमलेबाजी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसी योजना पहले ही ला चुके हैं, इसमें दलित समाज के बच्चों को 12वीं के बाद हायर एजुकेशन के लिए केंद्र सरकार उन्हें आर्थिक सहायता देगी।
भाजपा ने ‘आप’ सरकार का किया घेराव
उन्होंने कहा कि फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं और हम जनता से बीच जाकर उनकी राय ले रहे हैं कि उनके सपनों का दिल्ली कैसा होना चाहिए। दिल्ली की जनता के सुझाव का हम एक संकल्प पत्र बनाएंगे। हमारी प्राथमिकता दिल्ली की जनता का विकास है। दिल्ली में मेट्रो केंद्र सरकार की देन है। दिल्ली की जनता की चिंता हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। हमें उम्मीद है कि यहां कि जनता हमें काम करने का मौका जरूर देगी। दिल्ली सरकार ने लोगों को धोखा देने का काम किया है। समाज का हर वर्ग यहां की मौजूदा सरकार से निराश है और वो बदलाव चाहता है।
शाह के बयान को लेकर सियासत तेज
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा राज्यसभा में बाबा साहेब आंबेडकर पर की गई टिप्पणी को लेकर चल रहे विवाद के बीच केजरीवाल ने दलित छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजना की घोषणा की। केजरीवाल के अनुसार डॉ आंबेडकर सम्मान छात्रवृत्ति योजना भाजपा द्वारा बाबा साहेब के अपमान का जवाब है। इस योजना के तहत आप सरकार राष्ट्रीय राजधानी के सभी दलित छात्रों को विदेशी विश्वविद्यालयों में मुफ्त शिक्षा प्रदान करेगी। केजरीवाल ने कहा, किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी कि स्वतंत्र भारत में कोई संसद में बाबासाहेब आंबेडकर का मजाक उड़ाएगा। अमित शाह के अपमानजनक बयान के जवाब में में डॉ आंबेडकर सम्मान छात्रवृत्ति शुरू कर रहा हूं।


Download Android App
Download iOS App



