‘कन्हैया का तो पता नहीं लेकिन सरकार देशद्रोही’

Summary :

विजेंद्र गुप्ता का कहना है कि अरविंद केजरीवाल लोगों को गुमराह करना चाहते हैं और लाखों गरीबों का राशन एक बड़ी कंपनी को दे देना चाहते हैं।

नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर से केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। गुरुवार को उन्होंने एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने देशद्रोह का आरोप झेल रहे कन्हैया कुमार के खिलाफ दायर चार्टशीट पर तो कुछ नहीं कहा, लेकिन रायबरेली में डोर स्टेप डिलीवरी की मंजूरी मिलने की छपी खबर के हवाले से दिल्ली में इसे रोकने के लिए केंद्र सरकार पर देशद्रोह का आरोप लगा दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कन्हैया ने देशद्रोह किया है या नहीं, उसकी जांच कानून विभाग कर रहा है।

मोदी जी ने दिल्ली के बच्चों के स्कूल रोके, अस्पताल रोके, सीसीटीवी कैमरे रोके, मोहल्ला क्लीनिक रोके, दिल्ली को ठप करने की पूरी कोशिश की-क्या ये देशद्रोह नहीं है? मुख्यमंत्री ने अपनी यह प्रतिक्रिया उत्तर प्रदेश के रायबरेली के सात ब्लॉकों में राशन वितरण मामले में डोर स्टेप डिलीवरी को मंजूरी मिलने की एक अखबार में छपी खबर पर आए ट्वीट पर दिया। राशन वितरण मामले में डोर स्टेप डिलीवरी की फाइल पिछले साल से एलजी हाउस में है। इसे लेकर मुख्यमंत्री ने एलजी हाउस में धरना भी दिया था।

इस पर दिल्ली विस में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता का कहना है कि रायबरेली का मॉडल दिल्ली से अलग है। अरविंद केजरीवाल उसकी आड़ में लोगों को गुमराह करना चाहते हैं और लाखों गरीबों का राशन एक बड़ी कंपनी को दे देना चाहते हैं। वहीं प्रदेश बीजेपी ने आयुष्मान योजना लागू नहीं करने के लिए अरविंद केजरीवाल को ही देशद्रोही ठहरा दिया है।

Desk Team