नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 26 मई को पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने इस तारीख को पंजाबी बाग क्लब में कार्यकर्ताओं का सम्मेलन बुलाया है। इसमें हार के कारणों पर चर्चा की जाएगी और हार से सबक लेकर पार्टी नई रणनीति के तहत आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटेगी। पार्टी की हार पर अपनी बात रखने के लिए शुक्रवार को आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने प्रेसवार्ता बुलाई।
जिसमें उन्होंने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में मतदान के दिन और उसके बाद भी अलग-अलग माध्यमों से सभी सातों लोकसभा सीटों पर कराए गए आकलन में एक समान बात निकल कर सामने आई है। वो यह बात है कि एक तरफ लोगों ने मोदी जी को जिताने और दूसरी ओर मोदी जी को हराने के लिए वोट दिया। मोदी जी को जिताने वालों की संख्या ज्यादा थी। जिससे दिल्ली में भी मोदी जी को ऐतिहासिक जीत मिली। मगर इस सब के बीच एक अहम बात भी सामने है कि मोदी जी को जिताने और हराने वाले दोनों ही लोगों ने साफ कहा है कि आगामी दिल्ली विधानसभा मेें केजरीवाल को ही वोट देंगे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में दोबारा से केजरीवाल को जिताने की मांग चारों तरफ से उठ रही है। उस मांग को ध्यान में रखते हुए और अपने संगठन में जो कमियां रह गई हैं, उन कमियों को दूर करने के कार्य को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने पंजाबी बाग क्लब में कार्यकर्ताओं के साथ एक संवाद कार्यक्रम रखा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने समस्त कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद करेंगे। इस मौके पर राय ने कहा कि पार्टी का पूरा चुनावी अभियान पूर्णराज्य के मुद्दे पर आधारित था। पार्टी की सोच थी कि अगर हमारे प्रत्याशी जीतकर संसद में जाएंगे तो दिल्ली के लोगों के लिए केन्द्र से लड़कर और बेहतर काम करा सकेंगे।
परंतु चुनाव के अंत तक जो वोट पड़ा वह राहुल गांधी और नरेंद्र मोदी के नाम पर पड़ा। दिल्ली में कांग्रेस का कोई संगठन न होने के बावजूद कांग्रेस को वोट मिलना इस बात को सत्यापित करता है। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली लोकसभा चुनाव पर मंथन कर रहे हैं, इस पर चर्चा की जा रही है कि हर विधानसभा क्षेत्र पर हम अपने प्रचार को और किस तरह से बेहतर बना सकते थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने पूरी मेहनत के साथ अपनी भागीदारी दर्ज की। चुनाव के नतीजों में भाजपा को जो जनादेश प्राप्त हुआ, जनता के इस निर्णय का हम सम्मान करते हैं। राय ने कहा कि गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सभी प्रत्याशियों के साथ बैठक हुई है।
बैठक में पार्टी ने अपने सभी प्रत्याशियों के साथ अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की क्या स्थिति रही, उस पर चर्चा की। चर्चा के माध्यम से पार्टी इस नतीजे पर पहुंची है कि दिल्ली में पार्टी यह बात जनता पाने में पूरी तरह सफल नहीं हो पाई वे लोग उसे वोट क्यों दें? पूरे देश में जो चुनाव मोदी बनाम राहुल हो रहा था दिल्ली का चुनाव भी उसी पटल पर चला गया।


Download Android App
Download iOS App



