नई दिल्ली : भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने प्रदेश कार्यालय पर लोकसभा चुनाव 2019 में दिल्ली की सातों सीटों पर भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद कहा कि देश व दिल्ली की जनता ने भाजपा की साफ नीयत, सही विकास के आधार पर सबका साथ सबका विकास की नीति को अपार जनसमर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए मैं दिल्ली के सभी कार्यकर्ताओं और दिल्ली की जनता का कोटि-कोटि धन्यवाद करता हूं। तिवारी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने नकारात्मक शक्तियों द्वारा फैलाए जा रहे दुष्प्रचार को नकारते हुए राष्ट्रवादी विचारधारा को अपनाकर देशहित में मतदान कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने का निर्णय किया।
केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित देश में होने वाले कार्यों को देखते हुए दिल्ली की जनता ने अपना फैसला सुना दिया। उन्होंने कहा हम दिल्ली विधानसभा चुनाव में दिल्ली की 60 सीटें जीतकर दिल्ली को केजरीवाल से मुक्त कराएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा की जीत का क्रम विधानसभा की जीत तक जारी रहेगा। भाजपा का कार्यकर्ता विश्राम नहीं करेगा। केजरीवाल सरकार द्वारा केन्द्र सरकार की योजनाओं को दिल्ली में लागू न करने के बारे में बताएगा। केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से जो वादा किया था उसे पूरा नहीं किया, भाजपा के कार्यकर्ता घर-घर जाकर इसकी भी पोल खोलेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग अब परिवर्तन चाहते हैं।
लोकसभा में भाजपा को भारी बहुमत से जिताकर उन्होंने केजरीवाल सरकार को पूरी तरह से नकार दिया है। दिल्ली की जनता आम आदर्मी पार्टी एवं कांग्रेस का विधानसभा चुनाव में भी सूपड़ा साफ कर देगी। तिवारी ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने बीते साढ़े 4 वर्षों में दिल्ली को विकास के मुद्दे पर केवल निराशा दी है। सत्ता की चकाचौंध में केजरीवाल ने दिल्ली के विकास को दरकिनार कर केवल झूठ की राजनीति की है। इसका जवाब दिल्ली की जनता ने लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को दिल्ली की सातों सीटों पर हरा कर दिया है।


Download Android App
Download iOS App



