Delhi AQI Today: दिवाली से पहले दिल्ली की हवा हुई जहरीली, AQI 350 के पार, जानें आपके इलाके का क्या है हाल

Summary :

राजधानी दिल्ली में ठंड बढ़ने के साथ ही वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुँच गया है। दिवाली से ठीक पहले, 2 नवंबर (सोमवार) को दिल्ली का औसत AQI 300 के पार होकर 'बेहद खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया है।

राजधानी दिल्ली में जैसे-जैसे ठंड बढ़ती है, दिल्लीवासियों की सांसों पर संकट मंडराने लगता है। दिवाली से ठीक पहले दिल्ली और उससे सटे एनसीआर की हवा एक बार फिर जहरीली होने लगी है। सोमवार, 2 नवंबर को दिल्ली का औसत AQI 300 के पार पहुंच गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। पिछले दिनों हुई बारिश और तेज हवाओं की वजह से प्रदूषण का स्तर कम हुआ था। लेकिन, अब हवा की रफ्तार कम होने से AQI बढ़ने लगा है। हालांकि अब प्रदूषण बढ़ने की वजह से लोगों की चिंता भी बढ़ने लगी है।

दिल्ली के इलाकों का AQI

सीरीज इलाका AQI
1 जहांगीरपुरी 378
2 रोहिणी 352
3 पंजाबी बाग 351
4 मुंडका 337
5 आरके पुरम 335
6 चांदनी चौक 328

कई इलाकों में छाई स्मॉग की चादर

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सोमवार को ITO इलाके में AQI 349 दर्ज किया गया, जबकि नोएडा में 310, गाजियाबाद में 278 और गुरुग्राम में 230 रिकॉर्ड किया गया। शहर के कई इलाकों में स्मॉग की चादर छाई हुई हैं, ठंड की दस्तक के साथ ही लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।

नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना

बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए दिल्ली के गाजीपुर, आया नगर, अप्सरा और सीमापुरी जैसे प्रमुख बॉर्डर पर ट्रांसपोर्ट विभाग की टीमें मुस्तैद हैं। सिर्फ BS-6 मानक वाली गाड़ियों को ही दिल्ली में एंट्री दी जा रही है। वहीं, PUCC के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 56.6 लाख रूपये का जुर्माना लगाया गया है। बैन के बावजूद घुसने वाली गाड़ियों पर 2 लाख और निर्माण स्थलों पर धूल के नियम न मानने पर 9.8 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।