केजरीवाल को जवाब देना पड़ेगा : तिवारी

Summary :

मनोज तिवारी और नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने एक टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तीखी आलोचना की।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी और नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने एक टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तीखी आलोचना की। सभी लोगों ने विरोध स्वरूप दांए हाथ में काली पट्टी बांध कर शुक्रवार का दिन सांकेतिक रूप से काले दिवस के रूप में मनाया। तिवारी ने कहा कि ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे,-इंशाल्लाह, इंशाल्लाह! भारत की बर्बादी तक जंग रहेगी जारी, इंडियन आर्मी मुर्दाबाद और कितने अफजल मारोगे-हर घर से अफजल निकलेगा।’  
एक चुनी हुई सरकार के मुखिया को ऐसे नारों का समर्थन करने के लिए देश और दिल्ली की जनता में आक्रोश है। भाजपा केजरीवाल सरकार की नीति और उनके चरित्र की कड़ी भर्त्सना करती है और इसके खिलाफ प्रदर्शन करेगी। पुलिस का काम है जांच करना और कोर्ट का काम है न्याय देना, लेकिन केजरीवाल इन दोनों के बीच में नौ महीने से रोड़ा बने हुए हैं क्योंकि वह नहीं चाहते कि टुकड़े-टुकड़े गैंग के खिलाफ देशद्रोह का कोई मुकदमा दर्ज हो। 
केजरीवाल खुद को संविधान, कोर्ट और पुलिस से ऊपर समझते हैं। इसीलिए देशद्रोह का मुकदमा चलाने के लिए एनओसी नहीं दे रहे हैं। केजरीवाल को दिल्ली की जनता को इसका जवाब देना होगा कि आप देशद्रोहियों के साथ हैं या दिल्ली की जनता के साथ हैं। नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि 22 फरवरी और 23 अगस्त को विधानसभा में टुकड़े-टुकड़े गैंग का मामला उठाया गया, लेकिन केजरीवाल ने मार्शल बुलाकर विधानसभा से बाहर निकलवा दिया।

Desk Team