प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को मुंबई के उपनगर विले पार्ले में भगवान गणेश के दर्शन किए। महाराष्ट्र के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे मोदी ने यहां मनाए जा रहे गणेश उत्सव में हिस्सा लिया और लोकमान्य सेवा संघ (एलएसएस) के मंडप में भगवान गणेश के दर्शन किए। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद मोदी सीधा यहां पहुंचे।

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हवाई अड्डे पर मोदी का स्वागत करने पहुंचे। कोश्यारी और फड़णवीस के अलावा भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल भी मोदी के साथ यहां पूजा अर्चना करने पहुंचे।

प्रधानमंत्री ने एलएसएस के अधिकारियों के साथ बातचीत की, जिन्होंने उन्हें स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की एक तस्वीर और एलएसएस की गतिविधियों से संबंधित पुस्तकें भेंट कीं।

मोदी ने एलएसएस परिसर में लोकमान्य की आवक्ष प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। लोकमान्य ने ब्रितानी शासन के खिलाफ जाकर सार्वजनिक तौर पर गणेश उत्सव मनाने की शुरुआत की थी। एलएसएस 96 वर्ष पुराना एक गैर सरकार संगठन है। मोदी यहां मुम्बई और औरंगाबाद में कई समारोहों में हिस्सा लेंगे।


Download Android App
Download iOS App



