नयी दिल्ली : केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने आज इन अटकलों को खारिज कर दिया कि भाजपा के साथ उनके रिश्ते में तनाव पैदा हो गया है। उन्होंने जोरदेकर कहा कि अगले लोकसभा चुनाव के बाद भी नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने रहेंगे। पासवान ने कहा कि राजग से उनके अलग होने की बात अकल्पनीय है। बिहार में हाल ही में पासवान ने भाजपा के कुछ नेताओं के कथित सांप्रदायिक बयानों की आलोचना की थी और भाजपा को सलाह दी थी कि वह सभी वर्गों को साथ लेकर चले। इससे उनके आगे के राजनीतिक कदमों को लेकर अटकलें शुरू हो गईं। लोक जनशक्ति पार्टी( लोजपा) के अध्यक्ष ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ राजग किसी तरह की मुश्किल में नहीं है। मैंने पहले कहा था कि2019 में प्रधानमंत्री पद खाली नहीं है। राजग एकजुट बना रहेगा।’’
संघीय मोर्चा बनाने की कुछ नेताओं की कवायद के बारे में पूछे जाने पर पासवान ने कहा कि बैठकें होती रहती हैं, लेकिन कुछ नहीं निकलता।
उन्होंने जनता परिवार को एकजुट करने की नाकाम कोशिश का हवाला दिया। राजग से अलग होने की उनकी भविष्य की योजना के बारे में चल रही अटकलों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि इस तरह की बात अकल्पनीय है। पार्टी सूत्रों ने कहा कि भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव ने पासवान के हालिया बयान के बाद उनसे मुलाकात की थी।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



