नई दिल्ली : सीलिंग पर छिड़े संग्राम के बीच उपराज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक मंच पर आ गए हैं। दोनों ने मिलकर सीलिंग की समस्या को सुलझाने का निर्णय लिया है। दरअसल, बुधवार शाम मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उपराज्यपाल से मुलाकात करने एलजी हाउस पहुंचे। यहां करीब आधे घंटे चली बैठक के दौरान सीलिंग सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। चर्चा के बाद एलजी ने ट्वीट कर कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात हुई।
उनके साथ बैठक के दौरान दिल्ली में दुकानों-वाणिज्यिक संपत्तियों की सीलिंग पर चर्चा हुई। एलजी ने बताया कि राजधानी में सीलिंग को रोकने के लिए सभी संभावनाएं तलाशे जा रहे हैं। कानूनी पक्षों पर भी विचार किया जा रहा है। एलजी ने कहा कि हमें उम्मीद है कि जल्द ही कुछ ठोस समाधान निकाल लिए जाएंगे। वहीं इस संबंध में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि उपराज्यपाल से मुलाकात हुई।
बैठक के दौरान एलजी ने बताया कि सीलिंग के मुद्दे पर केंद्र सरकार से चर्चा हुई है इस मुद्दे पर जल्द सामाधान निकाल लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैंने एलजी को दिखाया कि कई जगहों पर बिना ऑर्डर दिखाए ही सीलिंग की जा रही है। निगम कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। सीलिंग से व्यापारी वर्ग परेशान हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि सब मिलकर काम करते हैं तो सब सही चलेगा। सीएम ने कहा कि एलजी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सीलिंग को रोकने के लिए कुछ उपाय निकाल लिया जाएगा।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



