दिल्ली के कई इलाकों में शनिवार सुबह हल्की बारिश हुई और इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि हिमालय पर पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश हुई है और हवा की दिशा में बदलाव के साथ सोमवार तक तापमान के दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने के आसार हैं।
आईएमडी ने बताया कि दक्षिण, उत्तर, मध्य, पूर्वी, उत्तर पूर्वी और दक्षिण पश्चिम दिल्ली में गरज के साथ छींटे पड़े और हल्कि बारिश भी हुई। उसने बताया कि नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी हल्की बारिश हुई है। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस था। आईएमडी के अधिकारी ने बताया कि हिमालय से पश्चिमी-उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर चलीं।
उन्होंने बताया कि बारिश की वजह से हवा में नमी बढ़ेगी जिससे अगले दो-तीन दिनों के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में मध्यम से लेकर घना कोहरा छाने के आसार हैं। दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार सुबह ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। तेज हवाएं चलने और बारिश की वजह से इसमें “काफी’’ सुधार आने की संभावना है। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह सात बजे 348 रहा। शुक्रवार को 24 घंटे का औसत एक्यूआई 295 दर्ज किया गया था। गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।


Download Android App
Download iOS App



