आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब की जिला इकाई ने दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर किए गए हमले की शुक्रवार को सख्त शब्दों में निंदा की। जिला अध्यक्ष राजविंदर कौर ने यहां जारी बयान में कहा कि किसान आंदोलन से घबराई हुई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब ऐसी घटिया हरकतों पर उतर आई है और किसानों की मदद करने वालों को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जबसे आम आदमी पार्टी के मंत्री, विधायक और कार्यकर्ताओं ने देश के किसानों का ‘सेवादार’ बन कर कार्य करना शुरू किया, तबसे ही भाजपा वालों को इस बात से तकलीफ होनी शुरू हो गई थी। ‘आप’ नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी देश के अन्नदाता के साथ खड़ है न कि कॉर्पोरेट घरानों के साथ।
उन्होंने कहा कि हम पहले से ही किसानों की जायज मांगों के लिए किसान संघर्ष का समर्थन करते आ रहे हैं और भाजपा की इन घटिया हरकतों से नहीं डरते। नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक आंदोलन से निकली हुई पार्टी है, पार्टी नेता और कार्यकर्ता किसी की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।


Download Android App
Download iOS App



