Delhi University : दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने ‘ईट राइट कैंपस’ के रूप में प्रमाणित किया है। कॉलेज को यह प्रमाणन खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन करने के आधार पर दिया गया है। यह प्रमाण पत्र 3 नवंबर 2026 से 2 नवंबर 2028 तक दो वर्ष के लिए मान्य रहेगा। इस अवसर पर एफएसएसएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजित पुन्हानी ने कॉलेज की प्राचार्या प्रो. बिजयालक्ष्मी नंदा को प्रमाण पत्र प्रदान किया। प्राचार्या ने इस उपलब्धि के लिए एफएसएसएआई और आयोजन से जुड़ी पूरी टीम का आभार जताया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में कॉलेज परिसर में ‘ईट राइट इंडिया’ और ‘ईट राइट युवा’ अभियान के तहत ‘ईट राइट वॉकाथॉन’ का आयोजन भी किया गया। शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग तथा कॉलेज के उपभोक्ता परामर्श केंद्र ‘तुला’ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 300 से अधिक लोगों ने भाग लिया। सुबह 6:30 बजे पंजीकरण के बाद 3.2 किलोमीटर लंबी वॉकाथॉन निकाली गई। इसका उद्देश्य युवाओं को संतुलित आहार, फिटनेस और खाद्य उत्पादों के लेबल की जानकारी देना था।
इसके बाद शेफ कार्तिकेय सिन्हा ने लाइव पाक कला सत्र में पौष्टिक व्यंजन बनाने के तरीके बताए। वहीं, ‘हर लेबल कुछ कहता है’ विषय पर पैनल चर्चा में विशेषज्ञों ने खाद्य उत्पादों के लेबल पढ़ने और पोषण के लिहाज से सही विकल्प चुनने की जानकारी दी। इसमें एफएसएसएआई, मंझरी वेलनेस, इंस्टीट्यूट ऑफ होम इकोनॉमिक्स और इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के विशेषज्ञ शामिल हुए। आयोजन में डॉ. हिना सिंह और डॉ. नीरू यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Download Android App
Download iOS App




