स्कूल में अचानक बेहोश होकर गिरी 9 साल की बच्ची, मौत

Summary :

East Delhi : पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल में बुधवार सुबह नौ साल की छात्रा की अचानक मौत से स्कूल में हड़कंप मच गया। बच्ची अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर गई थी। उसे आनन-फानन में निर्माण विहार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह पूरी घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। फुटेज में नजर आ रहा है कि बच्ची अचानक जमीन पर गिर जाती है। पुलिस को शुरुआती जांच में किसी तरह की गड़बड़ी या साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना…

East Delhi : पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल में बुधवार सुबह नौ साल की छात्रा की अचानक मौत से स्कूल में हड़कंप मच गया। बच्ची अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर गई थी। उसे आनन-फानन में निर्माण विहार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह पूरी घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। फुटेज में नजर आ रहा है कि बच्ची अचानक जमीन पर गिर जाती है। पुलिस को शुरुआती जांच में किसी तरह की गड़बड़ी या साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 9:52 बजे पीसीआर के जरिए घटना की सूचना मिली थी। कॉल में बताया गया कि बच्ची को अस्पताल ले जाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में स्कूल की कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें बच्ची अचानक गिरती हुई दिखाई दी। पुलिस अब बच्ची के माता-पिता और स्कूल प्रशासन के बयान दर्ज करेगी। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

पिछले महीने भी स्कूल में हुई थी छात्रा की मौत

गौरतलब है कि पिछले महीने पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय बाल/बालिका विद्यालय में भी 12वीं कक्षा की छात्रा की मौत का मामला सामने आया था। स्कूल परिसर में पंप हाउस के पीछे उसका जला हुआ शव मिला था। शुरुआती जानकारी में छात्रा द्वारा खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने घटनास्थल और छात्रा के स्कूल बैग से कुछ सामग्री और सुसाइड नोट बरामद किया था।

Sumant Chaudhary