दिल्ली में हल्की बारिश होने की संभावना, न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस

Summary :

दिल्ली-एनसीआर में सुबह से आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को बादल छाए रहने और तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, पलवल समेत एनसीआर के शहरों में सुबह से आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक,  दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को बादल छाए रहने और तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान मौसम केऔसत से दो डिग्री कम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 51 प्रतिशत दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 और 24 डिग्री रह सकता है।
इससे पहले मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 40.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई इलाकों में यह 41 डिग्री पार भी दर्ज हुआ। 

Desk Team