Lok Sabha Elections: दिल्ली पुलिस ने लोकसभा चुनाव के छठें चरण के तहत शनिवार को दिल्ली में शांतिपूर्ण, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है और 60,000 से अधिक कर्मियों को तैनात किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि नगर पुलिस उत्तर प्रदेश और हरियाणा की सीमा से लगे इलाकों में भी कड़ी निगरानी कर रही है। विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड, राजस्थान और मध्य प्रदेश से अर्धसैनिक बलों की 51 कंपनी और 13,500 होम गार्ड की तैनाती करने के अलावा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
- दिल्ली पुलिस ने लोकसभा चुनाव के छठें चरण के तहत कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है
- नगर पुलिस UP-हरियाणा की सीमा से लगे इलाकों में भी कड़ी निगरानी कर रही है
- शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है
शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था
आम चुनाव के छठे चरण में दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीट के लिए मतदान शनिवार सुबह शुरू हो गया। पुलिस उपायुक्त संजय सहरावत ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में लगभग 60,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और उनमें से करीब 33,000 कर्मी मतदान केंद्रों की सुरक्षा कर रहे हैं। यहां 2,628 मतदान केंद्र हैं, जिनमें से 429 ‘संवेदनशील’ हैं। इन संवेदनशील चुनाव केंद्रों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के साथ अतिरिक्त अर्धसैनिक कर्मियों को तैनात किया गया है।’’
निकाला गया फ्लैग मार्च
विशेष पुलिस आयुक्त मधुप तिवारी की निगरानी में शुक्रवार को दक्षिण पूर्वी और दक्षिणी जिलों में फ्लैग मार्च किया गया, जिसमें जामिया, शाहीन बाग, ओखला औद्योगिक क्षेत्र, अम्बेडकर नगर, संगम विहार, मालवीय नगर और तिगरी के इलाके शामिल थे। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली की सीमाओं पर जांच तेज कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से दिल्ली पुलिस ने लगभग 14 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी बरामद की है।


Download Android App
Download iOS App




