छात्रों के प्रदर्शन के बीच दिल्ली मेट्रो सेवाओं में बड़ा बदलाव, झंडेवालान स्टेशन फिर बंद

Summary :

Delhi Metro services : परीक्षा पेपर लीक घोटाले के विरोध में चल रहे प्रदर्शनों और ‘चलो संसद’ मार्च के बीच बुधवार को दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सुरक्षा कारणों से कई मेट्रो स्टेशनों के संचालन में बदलाव किया। शुरुआत में झंडेवालान, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट समेत कई स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए थे। शाम तक डीएमआरसी ने सभी स्टेशनों को यात्री सेवाओं के लिए खोलने की जानकारी दी और मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट तथा झंडेवालान स्टेशन के गेट भी खोल दिए गए। हालांकि, बाद में जारी नए अपडेट में डीएमआरसी ने बताया कि…

Delhi Metro services : परीक्षा पेपर लीक घोटाले के विरोध में चल रहे प्रदर्शनों और ‘चलो संसद’ मार्च के बीच बुधवार को दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सुरक्षा कारणों से कई मेट्रो स्टेशनों के संचालन में बदलाव किया। शुरुआत में झंडेवालान, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट समेत कई स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए थे। शाम तक डीएमआरसी ने सभी स्टेशनों को यात्री सेवाओं के लिए खोलने की जानकारी दी और मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट तथा झंडेवालान स्टेशन के गेट भी खोल दिए गए। हालांकि, बाद में जारी नए अपडेट में डीएमआरसी ने बताया कि झंडेवालान मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक फिर से बंद कर दिया गया है। डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले आधिकारिक डीएमआरसी ऐप या वेबसाइट पर रियल-टाइम अपडेट अवश्य देखें, क्योंकि प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के अनुसार सेवाओं में बदलाव हो सकता है।

जानकारी के लिए बता दें कि दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) के 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद किए जाने से दफ्तर जाने वाले हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह के व्यस्त समय में अचानक लागू किए गए इस फैसले के कारण लोगों को बीच रास्ते में अपना सफर बदलना पड़ा। कई यात्रियों को दूसरे मेट्रो स्टेशनों पर उतरना पड़ा, जबकि बड़ी संख्या में लोगों ने कैब, ऑटो और बसों का सहारा लिया, जहां उन्हें उचित किराया से अधिक किराया का भुगतान करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक आसान पहुंच को रोकने के उद्देश्य से डीएमआरसी ने लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, उच्चतम न्यायालय, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशनों को एहतियातन बंद कर दिया है। यह कदम जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन को देखते हुए उठाया गया। इससे पहले सोमवार को भी प्रदर्शन के चलते मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुई थीं।

मेट्रो ट्रेनों का संचालन जारी रहा

डीएमआरसी के अनुसार, अधिकांश रूटों पर मेट्रो ट्रेनों का संचालन जारी रहा, लेकिन ट्रेनें बंद किए गए स्टेशनों पर नहीं रुकीं। इसके चलते जिन यात्रियों का गंतव्य इन्हीं स्टेशनों के आसपास था, उन्हें आगे जाकर उतरना पड़ा और फिर सड़क मार्ग से वापस लौटना पड़ा। इससे यात्रा का समय बढ़ गया और लोगों को अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ा। केंद्रीय सचिवालय स्टेशन से यात्रा कर रही वृंदा नामक यात्री ने बताया कि स्टेशन परिसर के बाहर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद थे, जिससे यात्रियों में भ्रम और असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। उनके अनुसार कई प्रदर्शनकारी निकास द्वार के पास जमा होकर ‘वंदे मातरम’ के नारे लगा रहे थे, जबकि यात्रियों को यह समझ नहीं आ रहा था कि वे सुरक्षित तरीके से स्टेशन से बाहर निकल पाएंगे या नहीं। येलो लाइन से यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री ने बताया कि ट्रेन में लगातार घोषणाएं की जा रही थीं कि दिल्ली गेट से खान मार्केट के बीच किसी भी स्टेशन पर यात्रियों को उतरने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना के अचानक स्टेशनों के बंद होने से लोग बीच सफर में फंस गए और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया।

बड़ी संख्या में यात्रियों ने मोबाइल पर नेविगेशन ऐप के जरिए वैकल्पिक मार्ग तलाशने शुरू कर दिए

स्टेशन बंद होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में यात्रियों ने मोबाइल पर नेविगेशन ऐप के जरिए वैकल्पिक मार्ग तलाशने शुरू कर दिए। कई लोग अपने परिजनों से फोन पर संपर्क कर रहे थे, जबकि कैब बुकिंग ऐप पर मांग बढ़ने से किराए में भी इजाफा देखने को मिला। बस स्टॉप और ऑटो-रिक्शा स्टैंड पर लंबी कतारें लग गईं। विशेष रूप से मध्य दिल्ली के कार्यालयी इलाकों में आवागमन सबसे अधिक प्रभावित हुआ। राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय जैसे प्रमुख इंटरचेंज स्टेशन बंद रहने से विभिन्न मेट्रो लाइनों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए डीएमआरसी ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले नवीनतम जानकारी प्राप्त करने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की।

Sumant Chaudhary