नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी में गुरुवार को कई दलों के नेता अपने समर्थकों के साथ शामिल हो गए। उन्होंने पार्टी मुख्यालय में राज्यसभा सांसद संजय सिंह की उपस्थिति में सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने सभी लोगों को पार्टी की टोपी और पटका पहनाकर पार्टी में सबका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान रिठाला से आम आदमी पार्टी के विधायक महेंद्र गोयल एवं आप नेता दुर्गेश पाठक भी मौजूद रहे।
संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लगातार भिन्न-भिन्न दलों से लोग आम आदमी पार्टी में जुड़ रहे हैं। पिछले 5 सालों में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में विकास के जो काम किए हैं उससे प्रभावित होकर सभी लोग आम आदमी पार्टी की ओर आ रहे हैं। इन सभी लोगों के पार्टी में शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी और विकास के जो कार्य दिल्ली में हो रहे हैं और तेजी से उन कार्यों को किया जा सकेगा।
कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों का हम दिल से स्वागत करते हैं और हम उम्मीद करते हैं कि सत्य की जो लड़ाई दिल्ली से शुरू हुई है यह सभी लोग मिल-जुलकर इस लड़ाई में अपना-अपना सहयोग देंगे। पार्टी में शामिल होने वालों में विजय विहार के मनोज मलिक, ओमकार सिंह, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता आरके उपाध्याय के अलावा दर्जनों लोग रहे।


Download Android App
Download iOS App



