उत्तरकाशी : चिन्यासीसौड़ ब्लाक से लगभग 9 किमी दूर भड़कोट गांव के निकट मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है। पांच लोग घायल हैं। चार की मौके पर ही मौत हुई है, जबकि पूलम सिंह की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। घटना में गंभीर घायलों में प्रियंका व सोबन सिंह को ऋषिकेश एम्स से हेलीकॉप्टर की मदद से दून के लिए रेफर किया है।
बाकी का इलाज चिन्यालीसौड़ अस्पताल में किया जा रहा है। सुबह के वक्त मैक्स वाहन संख्या यूए07-एस-5468 दिचली बनकोट से चिन्यालीसौड़ की ओर आ रहा था। भड़कोट के पास यह मैक्स वाहन डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इसमें मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पूलम सिंह की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची थाना धरासू पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को चिन्यालीसौड़ अस्पताल में पहुंचाया।
जहां से रेफर हुए दो गंभीर घायलों को हवाई सेवा की मदद से दून के लिए रेफर किया गया है। मौके पर डीएम डा. आशीष चौहान ने जाकर घटना का जायजा लिया। यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत ने घटना पर दुख जताते हुए स्थानीय प्रशासन को उचित कार्रवाई और इलाज दिलाने को निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री ने किया दुःख व्यक्त
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मैक्स वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में मृत लोगों की आत्मा की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी को दुर्घटना में घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को इस दुर्घटना के मजिस्ट्रयल जांच के भी निर्देश दिए हैं। गम्भीर घायलों का हायर सेंटर रेफर करने के लिए मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबन्धन को शीघ्र हैलीकाॅप्टर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं।


Download Android App
Download iOS App



