आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण दिल्ली का न्यूनतम तापमान शुक्रवार को बढ़कर सामान्य से एक डिग्री अधिक 6.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि कोहरा छाए रहने से सफदरजंग में दृश्यता घट कर 201 मीटर और पालम में 300 मीटर रह गई। शनिवार को शहर के कई हिस्सों में घने कोहरे का अनुमान जताया गया है।

आईएमडी के अनुसार, बहुत घना कोहरा होने पर दृश्यता 0 से 50 मीटर के बीच होती है। घने कोहरे के मामले में दृश्यता 51 से 200 मीटर के बीच, मध्यम स्तर के कोहरे में दृश्यता 201 से 500 मीटर के बीच और हल्का कोहरे में दृश्यता 501 से 1,000 मीटर के बीच रहती है। आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिमी हिमालय से आने वाली ठंडी और शुष्क उत्तरी-उत्तर पश्चिमी हवाओं से गुरूवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। फिर हवा की दिशा बदलकर उत्तर-पूर्व की ओर हो गई।

इसके अलावा आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। एक जनवरी को शहर में न्यूनतम 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो 15 वर्ष में इस महीने के लिए सबसे कम था। शहर की वायु गुणवत्ता शुक्रवार को भी गंभीर श्रेणी में रही। सरकारी एजेंसियों ने कहा कि वायु गुणवत्ता सूचकांक प्रदूषक तत्त्वों के फैलाव के लिए बेहद प्रतिकूल मौसम होने के कारण गुरुवार को गंभीर श्रेणी में चला गया। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह 10 बजे 460 दर्ज किया गया। गुरुवार को 24 घंटे की औसत एक्यूआई 429 था। एजेंसी ने कहा कि वायु गुणवत्ता में और गिरावट होगी।


Download Android App
Download iOS App



