मोदी सरकार ने दिया मालिकाना हक : तिवारी

Summary :

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मंगलवार रात बदरपुर विधानसभा के जैतपुर इलाके में लव-कुश चौक पर आयोजित एक विशाल जनसभा को सम्बोधित किया।

नई दिल्ली : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मंगलवार रात बदरपुर विधानसभा के जैतपुर इलाके में लव-कुश चौक पर आयोजित एक विशाल जनसभा को सम्बोधित किया। इस जनसभा का आयोजन स्थानीय लोगों ने पूर्व विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के ऐतिहासिक निर्णय, दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने व 40 लाख लोगों को उनके घर का मालिकाना हक देने पर धन्यवाद करने के लिए किया गया। 
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रोहताश कुमार, जोन चेयरमैन केके शुक्ला और निगम पार्षद भी मौजूद रहे। मनोज तिवारी ने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों में जनता नारकीय जीवन जीने को मजबूर थी। इनमें रह रहे 40 लाख से अधिक लोगों के साथ पहले कांग्रेस की सरकार ने और वर्ष 2015 से सत्ता में आई आम आदमी पार्टी की सरकार ने केवल राजनीति की। कॉलोनियों को नियमित करने के प्रयास सत्ता में आने के बाद न तो कांग्रेस ने ही किए और न ही आम आदमी पार्टी की सरकार ने कोई काम किया। 
भाजपा ने जो कहा है वह किया और प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली के सबसे बड़े चुनावी मुद्दे को अपने अतुलनीय लोक कल्याणकारी क्षमता से खत्म करते हुए 40 लाख लोगों को उनके घर का मालिकाना हक देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया वहीं केजरीवाल सरकार ने झूठ व फरेब का जाल जनता के बीच महंगे विज्ञापनों के माध्यम से बिछाया और केन्द्र सरकार के हर काम को अपना बताकर अपनी पीठ खूब थपथपाई, लेकिन दिल्ली की जनता समझदार है और वह जानती है कि काम कौन कर रहा है और कौन केवल तुष्टिकरण की दलगत राजनीति कर रहा है। 
वहीं पूर्व विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी ने अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने और नहर पार के क्षेत्र से ‘ओ जोन’ को हटाने के फैसले के लिए प्रधानमंत्री मोदी जी और मनोज तिवारी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक फैसला है और इसके लिए मैं दिल की गहराइयों से अपनी ओर से और बदरपुर विधानसभा क्षेत्र की समस्त जनता की ओर से धन्यवाद करता हूं।

Desk Team