नई दिल्ली : विकासपुरी विधानसभा के विकास नगर में आयोजित उत्तर प्रदेश महोत्सव के दौरान सांसद द्वारा अपशब्द बोलने पर विवाद हो गया। हालत यह हो गई कि लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया जिसे देख सांसद मौके से चले गए। विकासपुरी के विधायक महेंद्र यादव ने बताया कि अपने भाषण के दौरान पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा ने अपशब्द का प्रयोग किया, जिसे लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। बढ़ते विरोध को देखते हुए उन्होंने लोगों से माफी मांगी और चले गए।
शिव विहार के अय्यपा पार्क में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में सांसद मुख्य अतिथि थे। उनके अलावा विधायक महेंद्र यादव, स्थानीय पार्षद अशोक सैनी को भी बुलाया गया था। कार्यक्रम में आए लोगों का कहना है कि सांसद ने कहा था कि उन्होंने क्षेत्र में छठ घाट बनाए। साथ ही कई विकास कार्य किए, लेकिन जनता वोट किसी और को देती है। ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने पूर्व सांसद की तरफ इशारा करते हुए काफी कुछ गलत बोला।
सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि स्थानीय पार्षद गरीब लोगों से पार्क बुक करने के नाम पर 10-10 हजार रुपये ले रहा है। इसी गलत काम का मैंने विरोध किया था और मुझे गुस्सा आ गया कि कैसे गरीब लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेरा उद्देश्य केवल पार्षद के भ्रष्टाचार से गरीबों को बचाना था, जिससे वह परेशान हो गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



