जकार्ता : साइना नेहवाल ने अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखते हुए चीन की हि बिंगजियाओ को हराकर 350000 डालर के इंडोनेशिया मास्टर्स के फाइनल में प्रवेश कर लिया। साइना पिछली बार भी इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी। उसने छठी वरीयता प्राप्त बिंगजियाओ को 18-21, 21-12, 21-18 से हराया। अब साइना का सामना स्पेन की तीन बार की विश्व चैम्पियन और ओलंपिक चैम्पियन कैरोलिना मारिन या चीन की चेन युफेइ से होगा।
साइना ने पिछले साल राष्ट्रमंडल खेल में स्वर्ण, एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता और डेनमार्क , इंडोनेशिया मास्टर्स तथा सैयद मोदी इंटरनेशनल टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी। साइना शुरूआत में 0-2 से पीछे थी लेकिन उसने कुछ अच्छे स्मैश लगाकर 5-5 से बराबरी की। बाद में साइना ने 8-6 से बढत बना ली लेकिन बिंगजियाओ ने ब्रेक के बाद वापसी करते हुए अंतर 17-18 का कर दिया।
बिंगजियाओ ने पहला सेट 21-18 से जीत लिया जब साइना का शाट वाइड चला गया। दूसरे गेम में साइना ने अपनी विरोधी की गलतियों का फायदा उठाकर शुरू ही में 11-3 की बढत बना ली। इसके बाद बिंगजियाओ ने लगातार चार अंक बनाये। साइना ने क्रासकोर्ट पर शानदार रिटर्न के दम पर बढत 17-9 की कर ली। उसने चार अंक लेकर दूसरा गेम जीत लिया। आखिरी गेम में साइना ने यह लय कायम रखते हुए बिंगजियाओ को कोई मौका नहीं दिया।


Download Android App
Download iOS App



