पटना : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने ट्वीट कर कहा है कि बिहार में भ्रष्टाचार, लूट और वंशवाद की प्रतीक पार्टी राजद और कांग्रेस के गठबंधन को 2019 के लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा। महागठबंधन का कोई भविष्य नही है। एनडीए बिहार की सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगा। महागठबंधन की बुनियाद ही भ्रष्टाचार, लूट और वंशवाद पर टिकी है। यह राजनीति अब नहीं टिकने वाली। क्या राजद में लालू जी के बाद कोई वरिष्ठ नेता नहीं था, जिसे उपमुख्यमंत्री का पद दिया जाता? लेकिन महागठबंधन सरकार में यह पद उन्होंने अपने बेटे तेजस्वी यादव को दिया।
जब पद और लाभ की बारी आती है तो लालू जी परिवार की तरफ देखने लगते हैं। उन्होंने कहा कि अपने परिवार का हित करने के लिए लालू प्रसाद जी ने राजद के वरिष्ठ नेताओं का सदैव अपमान किया है। सत्ता में रहते हुए उन्हें सिर्फ और सिर्फ अपना परिवार नजर आता है लेकिन जब विपक्ष में होते हैं तो जनता का हितैषी होने का ढोंग करते हैं। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को जमानत के 1000 दिन हो गए। जमानत पर चल रहे कांग्रेस अध्यक्ष को स्वयं से पूछना चाहिए कि उन्होंने ऐसा क्या किया कि उन्हें अदालत से मुचलका भर कर जमानत पर रहना पड़ रहा।


Download Android App
Download iOS App



