नोएडा पुलिस ने 8 बांग्लादेशी नागरिकों को किया गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज भी बरामद

Summary :

नोएडा में अवैध रूप से रह रहे 8 बांग्लादेशी गिरफ्तार

दिल्ली-एनसीआर में लगातार अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा पुलिस अपने-अपने इलाके में लगातार छानबीन कर रही है। इस सर्च अभियान में अब तक कई बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है।

इसी कड़ी में नोएडा थाना सेक्टर 39 पुलिस ने गुरुवार को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 8 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार लोगों की पहचान मोहम्मद फखरु‌द्दीन उर्फ रोनी (20), रिहान (22), मोहम्मद मौमीन (23), मोहम्मद कामरूल (18), मोहम्मद क्य्यूम उर्फ रिपोन (24), रविउल इस्लाम, (24), राशिल (19) और सोहेल राणा (20) के रूप में हुई है।

इन आरोपियों को पिलर नंबर 82, सलारपुर दादरी रोड से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 6 फर्जी आधार कार्ड और एक फर्जी पैन कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस ने इनके खिलाफ धारा 336(3)/340(2) बीएनएस और 14(ए) विदेशी एक्ट में मामला दर्ज किया है।

यह कार्रवाई बांग्लादेशी नागरिकों के फर्जी दस्तावेजों के साथ पहचान के गंभीर मामलों में कड़ी निगरानी और सतर्कता का परिणाम है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लगातार इस तरीके का अभियान चलाकर गौतमबुद्ध नगर जिले के अलग-अलग हिस्सों में अवैध रूप से रहने वाले बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान की जा रही है और उन्हें गिरफ्तार कर वापस भेजने की तैयारी भी की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, कई ऐसे अवैध रूप से भारत में आए बांग्लादेशी हैं, जो यहां पर अपना आधार कार्ड बनवाकर अलग-अलग हिस्सों में रहकर काम कर रहे हैं।

–आईएएनएस

पीकेटी/एबीएम

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.