नई दिल्ली : भ्रष्टाचारों के अरोपों में घिरी दिल्ली सरकार के मंत्री सतेन्द्र जैन की बर्खास्तगी की मांग को लेकर भाजपा के किसान मोर्चा एवं ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के आवास पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश महामंत्री रविन्द्र गुप्ता ने किसान मोर्चा अध्यक्ष मुकेश मान एवं ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष गौरव खारी की उपस्थिति में किया।
प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री रविन्द्र गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल सरकार दिल्ली में भ्रष्टाचार का पर्याय बन गई है और प्रशासन में पारदर्शिता की बात कर सत्ता में आई सरकार की स्थिति यह है कि मंत्री और अधिकारी एक-दूसरे के बैंक खाते कालेधन को रखने के लिए उपयोग कर रहे हैं।
मुकेश मान ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के किसानों के साथ बड़ा विश्वासघात किया है। यह सरकार अन्य राज्यों के किसानों के हितों की बात पर घड़ियाली आंसू बहाती है और दिल्ली में 2015 एंव 2016 का फसल मुआवजा आज तक लंबित है और किसानों के ट्यूब वैल कनेक्शन को काॅमर्शियल दर से बिल किया जा रहा है। गौरव खारी ने कहा कि केजरीवाल सरकार के शासन में यूं तो सभी वर्गों के युवा एवं महिलाएं पूरी तरह निराश हैं पर इस सरकार के भ्रष्टाचार और केन्द्र की रोजगार एवं महिला कल्याण योजनाओं को दिल्ली में लागू न करने के कारण पिछड़ी जातियों के युवाओं में रोष व्याप्त हैं।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



