Railway : भारतीय रेलवे के अकाउंट्स कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले देश के एकमात्र ट्रेड यूनियन, ‘ऑल इंडिया रेलवे अकाउंट्स स्टाफ एसोसिएशन’ ( एआइआरएएसए) की 12वीं वार्षिक आम बैठक चाणक्यपुरी स्थित नई दिल्ली के राष्ट्रीय रेल संग्रहालय में संपन्न हुई। इसमें सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते सहित उत्तर पश्चिम रेलवे, अजमेर से उप वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखाधिकारी प्रदीप शर्मा और पश्चिम मध्य रेलवे से उप वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखाधिकारी एचके मिश्रा उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसोसिएशन के अतिरिक्त महासचिव एवं रेलवे बोर्ड में सीनियर सेक्शन ऑफिसर अमनप्रीत सिंह गंभीर ने सांसद और वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष सीनियर एसओ, सीनियर टीएआई, और सीनियर आईएसए को राजपत्रित दर्जा प्रदान करने की बहुप्रतीक्षित और न्यायसंगत मांग को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ उठाया। उन्होंने केंद्रीय सचिवालय सेवा के मानकों के अनुरूप जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट के लिए 4600/- रुपये का एंट्री-लेवल ग्रेड पे, आगामी 8वें केंद्रीय वेतन आयोग में सम्मानजनक न्यूनतम वेतन और 2026 से पूर्व सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन में उचित संशोधन हेतु नियम व शर्तों में बदलाव जैसे मु्दों को उठाया।

साथ ही कार्यस्थल के तनाव को कम करने के लिए रिक्त पदों को शीघ्र भरने, लंबित मध्यस्थता निर्णयों को लागू करने और 5वें वेतन आयोग के बकाया एरियर के भुगतान पर जोर दिया।एसोसिएशन ने एसिड अटैक पीड़िताओं के चिकित्सीय, कानूनी और सामाजिक पुनर्वास के लिए कार्यरत अग्रणी गैर-लाभकारी संस्था ‘छांव फाउंडेशन’ को आर्थिक सहायता प्रदान की। ‘ताल-मेल – द अकाउंटिंग अफेयर’ नामक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख समन्वयक रेजी जॉर्ज (महासचिव), अनिल कुमार सिंह (उपाध्यक्ष), और अमनप्रीत सिंह गंभीर (अतिरिक्त महासचिव) का विशेष नेतृत्व रहा। रेलवे बोर्ड से सुजीत झा, सत्य प्रकाश मीणा और ज्ञान वर्धन झा व बड़ौदा हाउस, दिल्ली मंडल और ट्रैफिक अकाउंट्स से दीपक अहलावत व मोहित का भी सहयोग प्राप्त हुआ।


Download Android App
Download iOS App




