Om Birla: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ( Om Birla ) ने सोमवार को संसद की कार्यवाही को कवर करने वाले पत्रकारों से मुलाकात कर उनकी सभी समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया।
- लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने संसद कवर करने वाले पत्रकारों से की मुलाकात
- लोकसभा स्पीकर ने पत्रकारों की समस्याओं को दूर करने का दिया आश्वासन
- पत्रकारों के मकर द्वार तक जाने से रोके जाने से विपक्षी दलों में आक्रोश
दरअसल, सोमवार सुबह से ही संसद सत्र को कवर कर रहे मीडियाकर्मियों को मकर द्वार तक जाने से रोके जाने के कारण विवाद खड़ा हो गया था। राहुल गांधी और अखिलेश यादव समेत कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने मीडिया के लिए बने केबिन में जाकर पत्रकारों से मुलाकात भी की। राहुल गांधी ने इस मसले को लोकसभा में भी उठाया।
मोदी सरकार ने मीडिया वालों को पिंजरे में बंद कर दिया- राहुल गांधी
बजट पर विपक्ष के नेता के तौर पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि एक और चक्रव्यूह बना दिया है। मीडिया वालों को पिंजरे में बंद कर दिया है। उन्हें बाहर निकाल दीजिए। लोकसभा स्पीकर ने राहुल गांधी को सदन के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि सदन के अंदर सदन की व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को नहीं उठाया जाता। इस संबंध में अगर कुछ भी कहना है तो वे चैंबर में आकर उन्हें अपनी बात कह सकते हैं।
कवर करने के दौरान पत्रकारों को असुविधा नहीं हो, इसका रखा जाएगा ध्यान- Om Birla
पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ( Om Birla ) ने संसद कवर करने वाले सभी पत्रकारों को बातचीत के लिए अपने चैंबर में बुलाया। पत्रकारों ने सदन के सत्र के कवरेज और एंट्री सहित अपनी कई समस्याओं से स्पीकर बिरला को अवगत कराया। लोकसभा अध्यक्ष ने पत्रकारों की सभी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और यह आश्वासन दिया कि संसद सत्र की कार्यवाही को कवर करने के दौरान पत्रकारों को असुविधा नहीं हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने सभी समस्याओं को दूर करने का आश्वासन भी दिया।


Download Android App
Download iOS App




