दक्षिणी दिल्ली : महरौली इलाके में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी संतुलन बिगड़ने पर सड़क पर खड़े टेंपो से जा टकराई। इस दौरान भयानक सड़क दुर्घटना होने पर उसमें सवार एक शख्स की मौत हो गई, एक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक का पता नहीं लग सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गाड़ी में सवार लोग रात में एक पार्टी से घर लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक बीते मंगलवार की रात करीब 11 बजे छतरपुर स्थित 100 फुटा रोड पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी टर्न लेते समय सड़क पर खड़े टेंपो और दो अन्य वाहनों से जा टकराई।
इस दौरान स्कॉर्पियो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर खड़े वाहन फुटपाथ पर चढ़ गए। गाड़ी में सवार लोगों को राहगीरों की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए तुरंत पीसीआर द्वारा एम्स के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने सुधीर को मृत घोषित कर दिया, जो कि मुुजफ्फरनगर के सिसौली का रहने वाला था। दिल्ली में वह श्रीनिवासपुरी में रहता था। परिवार में पत्नी, बेटा और बेटी है।
उसका साथी इरफान अली गंभीर रूप से घायल है जिसका उपचार जारी है। इरफान जेजे कॉलोनी खानपुर का रहने वाला है। वहीं चालक अरविंद दुर्घटना के बाद से लापता है, जो कि बागपत का रहने वाला है। महरौली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता लगा है कि मृतक सुधीर बिल्डिंग मैटेरियल का काम करते हैं। आशंका जताई जा रही है कि चालक ने शराब पी हुई थी जिस कारण उसका गाड़ी चलाते समय नियंत्रण बिगड़ गया।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



