ईडब्ल्यूएस दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू

Summary :

आज राजधानी के निजी स्कूलों में प्रवेश स्तर की कक्षाओं नर्सरी, केजी और पहली में ईडब्ल्यूएस दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।

नई दिल्ली : कई हफ्तों बाद आखिरकार आज आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के अभिभावकों का इंतजार खत्म होगा। आज राजधानी के निजी स्कूलों में प्रवेश स्तर की कक्षाओं नर्सरी, केजी और पहली में ईडब्ल्यूएस दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके साथ ही वंचित समूह (डीजी) और दिव्यांग वर्ग के बच्चों के दाखिले के लिए भी आज से आवेदन होंगे।

अभिभावकों द्वारा सभी दस्तावेज तैयार कर लिए गए हैं। कम्प्यूटर पर ऑनलाइन आवेदन में लग जाएंगे। शिक्षा निदेशालय द्वारा इन तीनों श्रेणियों में आवेदन के लिए एक माह का समय दिया गया है। अंतिम आवेदन 14 फरवरी तक स्वीकार किए जाएंगे। जबकि 27 को पहला कम्प्यूटराइज्ड ड्रॉ निकाला जाएगा।

शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया कि आरटीई अधिनियम 2009 के सेक्शन 2(डी) के अंतर्गत वंचित समूह श्रेणी के तहत प्रवेश स्तर की कक्षाओं नर्सरी, केजी ओर पहली में दाखिले के लिए आय प्रमाण पत्र जरूरी नहीं होगा। अनुसूचित जाति व जनजाति, अनाथ, ट्रांसजेंडर और एचआईवी से पीड़ित या प्रभावित सभी बच्चों का दाखिला डीजी वर्ग के तहत होगा।

शिक्षा निदेशालय ने दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए प्रत्येक निजी स्कूल में दाखिले के दौरान डोनेशन के नाम पर किसी भी प्रकार फीस लिए जाने पर पाबंदी लगाई है। शिक्षा निदेशालय ने आदेश दिया है कि अगर कोई स्कूल या स्कूल का प्रबंधक व्यक्तिगत तौर पर ईडब्ल्यूएस, डीजी वर्ग और दिव्यांग वर्ग के अभिभावकों से फीस लेता है तो उसे इस फीस का 10 गुना जुर्माना लौटाना होगा।

Desk Team