नई दिल्ली : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी की अध्यक्षता में गुरुवार को नजफगढ़ में दिल्ली की 1731 अनधिकृत कॉलोनियों के 40 लाख से अधिक लोगों को मालिकाना हक देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देने के लिए एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस जनसभा को प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीत खड़खड़ी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी नीलकांत बक्शी, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता से भाग लिया। जनसभा को संबोधित करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि गत बुधवार को ही संसद में अनधिकृत कॉलोनी निवासी संपत्ति अधिकार मान्यता विधेयक पास किया गया।
अभी तक पूर्ववर्ती सरकारें केवल घोषणाएं करती रहीं, संसद में इसके लिए कानून लाने की प्रकिया कभी शुरू नहीं की, लेकिन मोदी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के 100 दिनों के भीतर ही अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने का फैसला लिया।
पिछले 11 साल में इन कॉलोनियों के डिजिटल मैपिंग का काम हो जाना चाहिए था, भाजपा की सरकार ने इस काम को 31 दिसंबर तक पूरा करने का फैसला किया है। तिवारी ने कहा कि इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को हमेशा अपना घर छिन जाने का डर रहता था, लेकिन भाजपा सरकार ने इन लोगों का ये डर दूर करते हुए मालिकाना हक दे दिया।


Download Android App
Download iOS App



