Delhi Police : अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस का सहयोग करने वाले जिम्मेदार नागरिकों को नॉर्थ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस इनाम और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित कर रही है। इसका उद्देश्य पुलिस और पब्लिक के बीच बेहतर तालमेल कायम करने के साथ लोगों को यह संदेश देना है कि अपराध के खिलाफ आवाज उठाने और पुलिस की मदद करने वाले हर जिम्मेदार नागरिक का सम्मान किया जाता है।
इसी कड़ी में एडिशनल डीसीपी (नॉर्थ-वेस्ट) रविनंदन ने जेबकतरों, झपटमारों और बदमाशों का बहादुरी से मुकाबला करने के साथ उन्हें पकड़वाने में मदद करने वाले नागरिकों को डीसीपी ऑफिस बुलाकर सम्मानित किया। एडिशनल डीसीपी ने नागरिकों की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के साझा प्रयासों से ही अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पुलिस की आंख-कान बनें। कहीं कुछ गलत देखें या सुने तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
बदमाशों की असली जगह जेल
एडिशनल डीसीपी ने कहा कि बदमाशों की असली जगह जेल है। मौर्या एंक्लेव और जहांगीरपुरी में हुई वारदातों में पीड़ितों की बहादुरी और पुलिस की तत्परता से आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि मौर्या एन्क्लेव इलाके में दो बदमाशों ने एक युवक का मोबाइल फोन छीन लिया था। पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया दिया, जिससे गश्त कर रहा बीट स्टाफ सतर्क हो गया और आरोपी हिमांशु उर्फ हन्नी को मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस ने बाद में इसके साथी अमर को भी गिरफ्तार कर लिया।
इसी तरह जहांगीरपुरी इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने दो दोस्तों से मोबाइल फोन और साढ़े पांच हजार रुपये छीन लिए थे। पीड़ितों ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और बदमाशों का पीछा किया। शोर सुनकर गश्त कर रही पुलिस टीम भी हरकत में आ गई और बाइक चला रहे आरोपी मोहित कुमार (25) को दबोच लिया, जबकि उसका साथी जतिन फरार हो गया। जांच में सामने आया कि आरोपी बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे।


Download Android App
Download iOS App




