दक्षिणी दिल्ली : हैदराबाद से गिरफ्तारी के बाद दिल्ली लाया जा रहा है मकोका का कुख्यात अपराधी बीच रास्ते आगरा में पुलिस को चकमा देकर चलती ट्रेन से फरार हो गया था। अब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने आरोपी को दोबारा दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपी पर एक लाख का इनाम भी घोषित था, जिसके ट्रेन से पुलिस गिरफ्त से फरार होने के बाद उसपर दोबारा इनाम घोषित किए जाने की तैयारी पुलिस कर रही थी।
इसकी पुष्टि करते हुए स्पेशल सेल पुलिस उपायुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने आरोपी की पहचान भजनपुरा निवासी सलमान उर्फ दांत टूटा (30) के तौर पर की गई है, जिसपर आर्म्स एक्ट, पुलिस टीम पर फायरिंग करने और मकोका समेत 31 से भी ज्यादा संगीन धाराओं में दिल्ली-एनसीआर के अलावा कई अन्य राज्यों में भी केस दर्ज हैं। आरोपी के भागने के बाद सेल की कई टीमें उसकी तलाश कर रही थी।
इसी बीच खोड़ा कॉलोनी में नाम बदलकर किराए पर रह रहे बदमाश को बुधवार रात एसीपी अतर सिंह की निगरानी में इंस्पेक्टर शिव कुमार व अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने दबोच लिया। गिरफ्तारी से पहले आरोपी ने पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने की भी कोशिश की थी, लेकिन उससे पहले उसे दबोच लिया गया। आरोपी के पास से 3 कारतूस के साथ 1 पिस्टल और बाइक बरामद की गई है।
फ्लाइट से जाता था क्राइम करने
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी बहुत ही कुख्यात है और कई शहरों में घूमकर आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। वह अकसर दूसरे शहरों में जाने के लिए फ्लाइट का इस्तेमाल करता था। गत जून माह में गिरफ्तारी के बाद उसे पेशी के लिए हैदाराबाद के एक कोर्ट ले जाया गया था, जहां से ट्रेन से वापस लौटने के दौरान तड़के सुबह करीब 3 बजे के आसपास पुलिसकर्मियों की नजर बचाकर अपनी हथकड़ी खोल ली और धीमी गति में चल रही ट्रेन से कूदकर फरार हो गया था। तब से ही पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश कर रही थीं। इसी बीच एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को अक्षरधाम के पास घेरकर दबोच लिया।


Download Android App
Download iOS App



