Shahdara : दिवाली से पहले राजधानी में अवैध पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में शाहदरा डिस्ट्रिक्ट की एएनटीएफ टीम ने बलबीर नगर में छापेमारी कर अवैध पटाखे बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि आरोपी की पहचान हर्षित मित्तल (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके कब्जे से 311.97 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। आरोपी कथित तौर पर घर से ही पटाखों की बिक्री कर रहा था। पुलिस ने पटाखे जब्त कर शाहदरा थाने में बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मंगलवार को सूचना मिली थी कि बलबीर नगर में शिव मंदिर के पास रहने वाला हर्षित मित्तल अपने घर से अवैध पटाखे बेच रहा है। सूचना एएनटीएफ शाहदरा के प्रभारी इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद एक विशेष टीम गठित की गई। सूचना की पुष्टि करने के बाद टीम ने आरोपी के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर से 311.97 किलो अवैध पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने मौके से पटाखे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले एक रेस्तरां में काम करता था और दिहाड़ी मजदूरी भी करता था। आर्थिक तंगी के चलते उसने जल्दी पैसे कमाने के इरादे से अवैध रूप से पटाखे बेचने शुरू किए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पटाखे कहां से लाता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।


Download Android App
Download iOS App




