Karol Bagh : करोल बाग में ट्रैफिक पुलिसकर्मी बनकर बाइक सवार को रोक कर उसके बैग से करीब 45 लाख रुपये की गोल्ड ज्वेलरी चोरी की गुत्थी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर इनके पास से चोरी के सभी गहने बरामद कर लिए हैं।
एडिशनल डीसीपी (सेंट्रल) प्रशांत चौधरी ने बताया कि गत एक नवंबर को करोल बाग थाने में सोने के गहने चोरी होने की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने बीडनपुरा स्थित एक ज्वेलरी शॉप से करीब 400 ग्राम सोना खरीदा था। शाम करीब 6 बजे उसने बैग पीठ पर टांगा और बाइक से ब्रिटानिया चौक स्थित अपने कार्यालय के लिए निकल पड़ा। जब वह कार्यालय पहुंचा तो बैग की चेन खुली देश होश उड़ गए। सभी गहने चोरी हो चुके थे।
इस बाबत करोल बाग थाने में केस दर्ज कर एसएचओ करुणा सागर के नेतृत्व में एसआई अमित यादव, एएसआई जितेंद्र, हेड कांस्टेबल अविनाश, कांस्टेबल हरिओम आदि की टीम गठित की गई। टीम ने पीड़ित के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसमें बीडनपुरा की बैंक स्ट्रीट के चौराहे पर तीन संदिग्धों की भूमिका सामने आई।
जांच में पता चला कि एक आरोपी ने खुद को ट्रैफिक पुलिसकर्मी बताकर शिकायतकर्ता की बाइक रुकवाई, जबकि दूसरे ने मौका पाकर बैग की चेन खोलकर गहने निकाल लिए। तीसरा आरोपी आसपास निगरानी कर रहा था। पुलिस ने पहले दो आरोपियों की पहचान कर मंगलवार को आनंद पर्वत में रेड कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से चोरी के गहने बरामद कर लिए हैं।


Download Android App
Download iOS App




