जंतर-मंतर से हटे प्रदर्शनकारी, पीछे छोड़ गए 60 टन कचरा

Summary :

Jantar Mantar Protest : नीट पेपर लीक विवाद को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन के समाप्त होने के बाद जंतर-मंतर और आसपास के इलाके को सामान्य स्थिति में लाने के लिए नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) ने बड़े स्तर पर सफाई अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार अब तक 52 मीट्रिक टन से अधिक कचरा हटाया जा चुका है, जबकि अभियान पूरा होने तक यह आंकड़ा करीब 60 मीट्रिक टन तक पहुंचने की संभावना है। एनडीएमसी अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन समाप्त होने के तुरंत बाद शनिवार रात से ही सफाई कार्य शुरू कर दिया…

Jantar Mantar Protest : नीट पेपर लीक विवाद को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन के समाप्त होने के बाद जंतर-मंतर और आसपास के इलाके को सामान्य स्थिति में लाने के लिए नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) ने बड़े स्तर पर सफाई अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार अब तक 52 मीट्रिक टन से अधिक कचरा हटाया जा चुका है, जबकि अभियान पूरा होने तक यह आंकड़ा करीब 60 मीट्रिक टन तक पहुंचने की संभावना है।

एनडीएमसी अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन समाप्त होने के तुरंत बाद शनिवार रात से ही सफाई कार्य शुरू कर दिया गया था। पहले चरण में 75 सफाई कर्मियों को लगाया गया, जबकि रविवार सुबह 35 अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात किया गया। अभियान में आठ ऑटो-टिपर, दो भारी ट्रक, एक जेसीबी (एक्सकेवेटर) और तीन हाई-प्रेशर जेटिंग मशीनों की मदद ली जा रही है। जंतर-मंतर रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, संसद मार्ग, जय सिंह मार्ग तथा कनॉट प्लेस से जुड़े प्रमुख मार्गों पर मैकेनाइज्ड रोड स्वीपर और हाई-प्रेशर जेटिंग मशीनों से सड़कों की धुलाई कराई जा रही है, ताकि पूरे इलाके को जल्द सामान्य स्थिति में लाया जा सके।

अधिकारियों के मुताबिक सफाई अभियान केवल कचरा हटाने तक सीमित नहीं है। प्रदर्शन के दौरान दीवारों और फुटपाथों पर लिखे गए नारों को मिटाने के लिए दोबारा पुताई कराई जा रही है। इसके अलावा क्षतिग्रस्त फुटपाथ, डिवाइडर और कर्ब स्टोन की मरम्मत भी शुरू कर दी गई है। प्रदर्शन स्थल पर पड़े पत्थर, निर्माण सामग्री और अन्य ठोस अपशिष्ट को भी भारी वाहनों के जरिए हटाया जा रहा है।

एनडीएमसी के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को लगभग 15 मीट्रिक टन, शुक्रवार को 27 मीट्रिक टन और शनिवार रात तक करीब 40 मीट्रिक टन कचरा एकत्र हुआ था। रविवार सुबह तक इसमें करीब 12 मीट्रिक टन और कचरा जुड़ने के बाद कुल मात्रा लगभग 60 मीट्रिक टन तक पहुंचने का अनुमान है। निगम का कहना है कि सफाई और मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद पूरे क्षेत्र को पहले जैसी स्थिति में बहाल कर दिया जाएगा।

Sumant Chaudhary