भाजपा में पूर्व सहायक इंजीनियर के शामिल होने पर उठे सवाल

Summary :

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष शाजिया इल्मी ने पार्टी का पटका पहनाकर उन्हें भाजपा परिवार में शामिल किया।

नई दिल्ली : उत्तरी नगर निगम से सेवानिवृत्त शराफत अली मंगलवार को कई कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष शाजिया इल्मी ने पार्टी का पटका पहनाकर उन्हें भाजपा परिवार में शामिल किया। इस अवसर पर मीडिया प्रमुख अशोक गोयल भी मौजूद रहे। 
पार्टी में शामिल किए जाने के अवसर पर शाजिया इल्मी ने कहा कि मोदी सरकार आज सभी तबके को बराबर का हक और अवसर प्रदान करने के लिए लगातार काम कर रही है। पार्टी कार्यालय में मौजूद इन सभी भाइयों-बहनों का मैं तहे दिल से भाजपा में आने पर स्वागत करती हूं। उन्होंने कहा कि इनके आने से अल्पसंख्यक समुदाय में पार्टी की ताकत बढ़ेगी। 
वहीं दूसरी तरफ इस मुद्दे पर भाजपा की खिंचाई करते हुए आप के प्रवक्ता घनेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचारियों को शह देती है। उसकी कथनी और करनी में फर्क है। भाजपा में आकर आरोपी भी साफ और पवित्र हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पार्षद निगम अधिकारियों के साथ मिलकर लोगों को लूट रहे हैं। इसीलिए भाजपा ऐसे लोगों को अपने संगठन में शामिल कर रही है, जो कि भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हैं। 
उत्तरी नगर निगम के सिविल डिपार्टमेंट में बतौर असिस्टेंट इंजीनियर कार्यरत रहे शराफत अली पर विभिन्न प्रकार के आरोप लग चुके हैं। इसके चलते निगम की आयुक्त वर्षा जोशी ने गत 31 अक्टूबर को एक आदेश जारी कर 56-जे के तहत शराफत अली को जबरन सेवानिवृत्त कर दिया था। उत्तरी नगर निगम ने उन अधिकारियों को जबरन सेवानिवृत्त किया था, जिन पर भ्रष्टाचार या फिर कामचोरी के आरोप लगे थे।

Desk Team